बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की रिकवरी और उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। स्वतंत्रता दिवस उत्सव के उपलक्ष्य में ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘अर्पण’ कार्यक्रम में पुलिस ने 202 गुम मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये) उनके मालिकों को वापस सौंपे।

वर्ष 2026 में बिलासपुर पुलिस अब तक कुल 1250 मिसिंग मोबाइल फोन रिकवर कर चुकी है।
”आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास”
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर जिले भर के थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों पर एसीसीयू (साइबर सेल) बिलासपुर ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी संसाधनों के माध्यम से टीम ने न केवल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों, बल्कि सीमावर्ती राज्यों से भी गुम मोबाइल ढूंढ निकाले।
मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिन लोगों ने अपने कीमती फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उन्होंने बिलासपुर पुलिस के इस जनहितकारी कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की और अधिकारियों का आभार जताया।
साइबर अपराधों से बचाव और ‘संचार साथी’ ऐप की जानकारी
’अर्पण’ कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी और उनकी टीम ने उपस्थित नागरिकों को साइबर फ्रॉड के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही, भारत सरकार के “संचार साथी” ऐप की कार्यप्रणाली समझाते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस विशेष अभियान को सफल बनाने में ACCU साइबर सेल और जिले के सभी थानों के स्टाफ की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं ACCU) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलवार एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।




















