जशपुर : दिनांक 15 जुलाई 2026 को शाम लगभग 07:00 बजे जशपुर जिले के लोरो घाट में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। धनबाद (झारखंड) से कोयला लेकर रायपुर जा रहा टाटा ट्रक क्रमांक JH-02-AM-6041 लोरो घाट में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक, वाहन मालिक सहित कुल तीन व्यक्ति ट्रक के केबिन में गंभीर रूप से फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डॉयल-112, अग्निशमन दल एवं एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस मितान के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी पूरी तत्परता एवं मानवता का परिचय देते हुए रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
लगभग तीन घंटे तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान में कटर मशीन की सहायता से ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन एवं स्टेरिंग के हिस्से को सावधानीपूर्वक काटकर अंदर फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु शासकीय अस्पताल, जशपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है तथा उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे तथा पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के उपरांत उन्होंने थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डॉयल-112, अग्निशमन दल, पुलिस मितान के सदस्यों एवं रेस्क्यू कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सभी ने साहस, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया है, जिसके कारण तीन लोगों का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने घोषणा की कि रेस्क्यू अभियान में उल्लेखनीय साहस एवं समर्पण का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य रेस्क्यू टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, दुर्घटना में फंसे घायलों को बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले आम नागरिकों के नाम गुड सेमिरिटन (नेक नागरिक) योजना के अंतर्गत लाभ दिलाने हेतु प्रशासन को भेजे जाएंगे।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह की आमजन से अपील-सड़क दुर्घटना की स्थिति में घटनास्थल से दूर जाने के बजाय तत्काल निकटतम थाना अथवा डॉयल-112 को सूचना दें। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए घायलों की यथासंभव सहायता करें तथा “गुड सेमिरिटन (नेक नागरिक)” बनकर मानव जीवन बचाने में सहयोग करें। समय पर दी गई सूचना और आमजन का सहयोग किसी भी घायल व्यक्ति के लिए जीवनदायी सिद्ध हो सकता है।



















