छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून (Monsoon 2026 Update) की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी नजर आ रही है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में सामान्य से कम वर्षा होने के संकेत हैं। पहले मानसून के 16 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन अब इसके 18 से 19 जून के बीच प्रदेश में प्रवेश करने का अनुमान लगाया गया है।
केरल में भी देरी से पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की केरल में एंट्री भी निर्धारित समय से पीछे खिसक गई है। अब इसके 3 से 4 जून तक केरल पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में विकसित हो रही एल नीनो की स्थिति मानसूनी गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है।
गर्मी और उमस से लोग परेशान
मानसून की देरी के बीच प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। गुरुवार को राजनांदगांव 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं दुर्ग में 44.5 डिग्री, माना में 43.9 डिग्री, रायपुर शहर में 42.8 डिग्री और बिलासपुर में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जगदलपुर में 38.6, पेंड्रारोड में 37.4 और अंबिकापुर में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
प्री-मानसून गतिविधियां होंगी तेज
मौसम विभाग ने 30 मई से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। अगले तीन दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
किसानों की बढ़ी चिंता
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून में देरी और कम बारिश की स्थिति खरीफ फसलों की बुआई को प्रभावित कर सकती है। विशेष रूप से धान उत्पादक क्षेत्रों के किसानों की चिंता बढ़ गई है। समय पर पर्याप्त वर्षा नहीं होने पर जलस्रोतों और सिंचाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन आंधी-बारिश की संभावना:50-60KM की स्पीड से चलेगी हवा; कोरबा में पेड़ की डाल गिरने से 3 की मौत
भीषण गर्मी से अब राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है।
शनिवार को अचानक आए तूफान से कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े 3 युवकों पर भारी डाल गिर गई। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा रायपुर, सरगुजा, पेंड्रा में भी जमकर बादल बरसे।
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2°C दर्ज किया गया।
नौतपा में गर्मी चरम पर है। देश के कई हिस्सों में तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया है। चिलचिलाती धूप, उमस और ज्यादा पसीने से स्किन इन्फेक्शन का रिस्क बढ़ जाता है। हाई टेम्परेचर और ह्यूमिडिटी बैक्टीरिया व फंगस के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बनाते हैं। इससे दाद, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते लक्षणों को पहचानकर बचाव के सही उपाय किए जाएं।
50-60 किमी की स्पीड से चल सकती है हवा
मौसम विभाग ने रविवार के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। दिन के दौरान गरज-चमक, धूलभरी आंधी या बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य पाकिस्तान से लेकर आंध्र प्रदेश तट तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है।
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लेकर लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी स्तर पर एक दूसरी ट्रफ भी एक्टिव है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं।
मौसम एक नजर में
पिछले 24 घंटे में तापमान 2-3 डिग्री तक गिरा।
अगले दो दिन में और 2-3 डिग्री गिरावट के आसार।
अगले 5 दिन आंधी, बिजली और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
कई इलाकों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर में रविवार को आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना।




















