पखांजूर (कांकेर)। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले की पखांजूर पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सॉफ्टवेयर कंपनी में चीफ टेक्निकल ऑफिसर (CTO) और 10% का शेयर होल्डर बनाने का झांसा देकर 43 लाख 44 हजार 900 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी दंपत्ति को महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार किया है।
फर्जी दस्तावेज और झूठे वादों का बुना जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आनंद चंदेल (CEO – ZEALAPP VIEW PRIVATE LIMITED) और उसकी पत्नी रेखा चंदेल ने शिकायतकर्ता को अपनी कंपनी में बड़ा पद और हिस्सेदारी देने का लालच दिया था। इस झांसे में लेकर आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, फर्जी चेक और बिजनेस कार्ड का सहारा लिया। पीड़ितों का भरोसा जीतकर आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 43,44,900/- रुपये ऐंठ लिए। जब शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई।
मुंबई में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा
शिकायत के बाद थाना पखांजूर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 84/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
कांकेर पुलिस अधीक्षक (SP) श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) और लगातार मिल रहे सुरागों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन मुंबई में ट्रैक की। इसके बाद विशेष टीम ने मुंबई में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 43.44 लाख रुपये से अधिक की रकम ठगना स्वीकार कर लिया है।
कांकेर पुलिस की आम जनता से अपील
इस बड़ी कार्रवाई के बाद कांकेर पुलिस ने नागरिकों के लिए एक जरूरी चेतावनी और अपील जारी की है। पुलिस का कहना है कि:
”ऑनलाइन निवेश, किसी कंपनी में नौकरी या बिजनेस पार्टनरशिप (साझेदारी) के नाम पर आने वाले लुभावने प्रस्तावों और लालच से बचें। किसी को भी बड़ी रकम देने या निवेश करने से पहले संबंधित व्यक्ति और कंपनी की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें, ताकि आप ऐसी धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें।”




















