राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बसंतपुर पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो आरोपी कबीरधाम (कवर्धा) और एक आरोपिया राजनांदगांव से है।
फर्जी प्रोफाइल और फैमिली मीटिंग के नाम पर लूट
जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” का संचालन कर युवतियों की फर्जी फोटो इंटरनेट से डाउनलोड करता था। इन तस्वीरों के आधार पर फर्जी आईडी बनाई जाती थी और फिर इन्हें व्हाट्सएप के जरिए उन युवकों को भेजा जाता था जो जीवनसाथी की तलाश में थे।
आरोपी युवाओं को झांसे में लेकर रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। एक बार पैसे मिल जाने के बाद युवकों से धोखाधड़ी की जाती थी।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में शामिल हैं:
- ताम्रध्वज मानिकपुरी (23 वर्ष): निवासी पाण्डातराई, जिला कबीरधाम।
- सियाराम साहू (23 वर्ष): निवासी ग्राम जंगलपुर, जिला कबीरधाम।
- श्रृष्टि गोस्वामी (21 वर्ष): निवासी ममता नगर, राजनांदगांव।
इन तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि इस मामले में ब्यूरो की संचालक नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस की सतर्कता से फूटा भंडाफोड़
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पुलिस अधीक्षक को सृष्टि कॉलोनी में संचालित इस फर्जी ब्यूरो के बारे में गुप्त सूचना मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई प्रारंभिक जांच में ठगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद बसंतपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।




















