सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से ममता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने ही 4 माह के मासूम बेटे के रोने से क्रोधित होकर उसे जमीन पर जोर से पटक दिया, जिससे इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। चौकी सलका उमेश्वरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जयपुर निवासी सूनसाय प्रजापति की पत्नी बृन्दावती (23 वर्ष) दिनांक 25 मार्च 2026 की सुबह अपने घर के बाहर 4 माह के पुत्र हंसराज को गोद में लिए हुई थी। बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे बृन्दावती अत्यधिक क्रोधित हो गई। गुस्से में आकर उसने मासूम को जानबूझकर जमीन पर जोर से पटक दिया।
घटना के समय उसका पति सूनसाय सड़क के दूसरी ओर खड़ा था, जिसने अपनी आंखों से यह खौफनाक मंजर देखा। आनन-फानन में बच्चे को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन मासूम हंसराज ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने बारीकी से जांच के निर्देश दिए थे। पुलिस सहायता केन्द्र जिला चिकित्सालय की सूचना पर शून्य में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हुई है। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां बृन्दावती के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026, धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी मां ने स्वीकारा जुर्म
विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर आरोपी महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि बच्चे के रोने पर उसने गुस्से में आकर उसे जमीन पर पटका था। पुलिस ने आरोपी को 31 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्यवाही में इनकी रही भूमिका:
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में चौकी प्रभारी सलका उमेश्वरपुर संजय सिंह, आरक्षक राकेश सिंह, पंकज राजवाड़े, मुरारी साहू, महिला सैनिक गुंजा मनिया और प्रीति सक्रिय रहे।




















