कवर्धा/बोड़ला: कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रानी दहरा जलप्रपात में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झरने के कुंड में एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ पाया गया। प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विख्यात इस स्थल पर लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, बोड़ला विकासखंड स्थित रानी दहरा जलप्रपात में गुरुवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए वहां पहुंचे, तो उनकी नजर पानी में उतराते हुए एक शव पर पड़ी। शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई तैर रहा है, लेकिन करीब से देखने पर पता चला कि वह एक युवती की लाश है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी, शिनाख्त की कोशिश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि युवती की शिनाख्त की जा सके।




















