छत्तीसगढ़

6.50 लाख के गांजे के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, कुल 8.41 लाख की संपत्ति जब्त..

बिलासपुर (बेलगहना): बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत बेलगहना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर गांजा तस्करी कर रहे एक महिला और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

​मुखबिर की सूचना पर पंडरापथरा में घेराबंदी

​जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार नशे के कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। गुरुवार (22 जनवरी) को बेलगहना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटा की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर कुछ लोग अवैध रूप से गांजा लेकर लोरमी की तरफ जा रहे हैं।

​सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बेलगहना-कोटा मार्ग पर स्थित ग्राम पंडरापथरा में घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।

​गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

​पुलिस ने मौके पर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें मुख्य सरगना राजस्थान का रहने वाला है:

  1. गजेंद्र कुमार खत्री (38 वर्ष): मूल निवासी सांगानेर (जयपुर, राजस्थान), वर्तमान निवासी लोरमी।
  2. नीरज उर्फ मोन्टू (24 वर्ष): निवासी राम्हेपुर, लोरमी।
  3. मंगलू राम साहू (32 वर्ष): निवासी डिण्डौल, लोरमी।
  4. श्रीमती सरस्वती (30 वर्ष): निवासी डिण्डौल, लोरमी।

​ओडिशा से जुड़ा है तस्करी का नेटवर्क

​पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी गजेंद्र कुमार खत्री ने कुबूल किया कि वह बलांगिर (ओडिशा) से गांजा लाकर अपने साथियों की मदद से मुंगेली और आसपास के क्षेत्रों में खपाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

​कुल 8.41 लाख का मशरूका जप्त

​पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित संपत्ति जप्त की गई:

  • मादक पदार्थ: 13 किलो गांजा (कीमत ₹6,50,000)
  • वाहन: दो होंडा एसपी मोटरसाइकिल (CG 28 P 4671 और CG 28 Q 5616)
  • अन्य: 4 मोबाइल फोन और नगदी।
  • कुल संपत्ति की कीमत: ₹8,41,250

​इस सफल कार्यवाही में चौकी प्रभारी बेलगहना हेमंत सिंह, आरक्षक अंकित जायसवाल, धीरज जायसवाल, ईश्वर नेताम, कौशल बिन्झवार और महिला आरक्षक गोमती पेन्द्रो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!