छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: धीरे-धीरे बदल रहा है मौसम, अगले हफ्ते कुछ इलाकों में बारिश के हैं आसार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से यह बारिश हो सकती है। उधर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के आसार हैं।

छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में धीरे-धीरे बदलाव की शुरुआत हो रही है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसके असर से मंगलवार तक दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और अगले 24 घंटों में और अधिक स्पष्ट हो जाएगा। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

सामान्य से अधिक दर्ज किया गया तापमान

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.9 और 2.4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि के कारण दिन में हल्की गर्मी का अहसास रहा, जबकि रात में उमस बनी रही। हवा की औसत गति दो किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई और नमी का स्तर सुबह 76 व शाम 58 प्रतिशत रहा।

अगले 48 घंटे में तापमान में मामूली वृद्धि

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, हालांकि इसके बाद 1-2 डिग्री की हल्की वृद्धि संभव है। वहीं, 26 अक्टूबर से बारिश गतिविधियों में वृद्धि के संकेत हैं। मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है।

प्रदेशभर का तापमान

माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री दर्ज हुआ। बिलासपुर में अधिकतम 32.7 और न्यूनतम 22 डिग्री, पेंड्रारोड में 31.5 और 19.2 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम 18 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। जगदलपुर में 31.8 डिग्री अधिकतम और 21.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, वहीं दुर्ग में 32.6 और 20.4 डिग्री दर्ज हुआ।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!