छत्तीसगढ़

सूरजपुर पुलिस ने मोटर साइकिल चोरों पर कड़ी कार्रवाई की, 3 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक सहित 5 पकड़े गए, 7 लाख रुपये कीमत की 5 मोटर साइकिल जब्त…

सूरजपुर : दिनांक 26.09.2025 को गुरूद्वारा कालोनी विश्रामपुर निवासी चन्द्रमणी पति स्व. सुजीत सिंह ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 25.09.2025 के रात्रि में इसके घर के बाउंड्री वॉल के अंदर खड़ी पल्सर आर एस 200 वाहन क्रमांक सीजी 15 डीवाई 8287 को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर अपराध क्र. 246/2025 धारा 305(ए), 331(4), 111, 317(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी की वारदात पर अंकुश लगाते हुए मोटर सायकल चोरों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना विश्रामपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर तैनात करते हुए पूर्व में मोटर सायकल चोरी में गिरफ्तार हुए आरोपियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पूर्व में मोटर सायकल चोरी में गिरफ्तार हुआ आकाश देवांगन अपने साथियों के साथ स्पोर्ट्स बाइक में सूरजपुर में घूमता दिखा है। सूचना के फौरन बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आकाश देवांगन, भुपेंद्र सिंह तथा तीन विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालकों को पकड़ा। पूछताछ पर इनके द्वारा पल्सर मोटर सायकल चोरी करना स्वीकार किए।

पूछताछ की कड़ी में यह भी बताया कि पांचों मिलकर अंबिकापुर, लखनपुर, ओड़गी, भैयाथान आदि जगहों से भी कई मोटर साइकिल चोरी किए हैं, जिनकी निशानदेही पर चोरी की बजाज पल्सर आरएस 200-01 नग, बजाज पल्सर एनएस 160- 03 नग, हीरो स्पलेंडर 01 नग कुल 5 नग मोटर साइकिल, कीमत करीब 7 लाख रुपये का जब्त किया गया। आरोपियों के द्वारा संगठित होकर लगातार मोटर साइकिल चोरी की घटना को अंजाम देकर चोरी की मोटर साइकिल को कम दामों में लोगों को बिक्री करते थे। संगठित होकर चोरी करने एवं विक्रय करने की भी धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है। मामले में आकाश देवांगन पिता नन्‍कू राम देवांगन, उम्र 19 वर्ष, निवासी भैयाथान रोड सूरजपुर व भूपेंद्र सिंह पिता राजेंद्र सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी नवापारा सूरजपुर को गिरफ्तार किया गया, वहीं विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पूर्व में आरोपीगण थाना सूरजपुर, थाना झिलमिली जिला सूरजपुर, थाना पटना, थाना कोतवाली बैकुण्ठपुर जिला कोरिया, थाना मणीपुर, थाना गांधीनगर, थाना दरिमा जिला सरगुजा से मोटर साइकिल चोरी के प्रकरणों में चालान हो चुके हैं।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!