छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : दो दिनों में चार डिग्री तक गिर सकता है पारा, और बढ़ेगी ठंड, बिलासपुर में 11 दिसंबर से पड़ेगी कड़ाके की ठंड…

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : बादल छाए रहने और बारिश का दौर समाप्त होने के बाद अब दोबारा पारा गिरने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आज से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। वहीं, 24 घंटे के बाद प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट के आसार हैं।

साथ ही आज को प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। रायपुर में मौसम आंशिक मेघमय रहने और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूतनम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।

दो स्थानों पर हुई हल्की बारिश

रविवार को प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। अधिकतम बारिश जगदलपुर में 11.5 मिमी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में, जबकि न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान उतार चढ़ाव भरा

मौसम विज्ञानियों के पिछले तीस वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान उतार चढ़ाव भरा है। दुर्ग में यह सामान्य औसत से चार डिग्री, अंबिकापुर में 2.3 डिग्री और रायपुर में 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जगदलपुर में यह सामान्य औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 0.2 डिग्री और पेंड्रा रोड में 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है।

न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक ज्यादा

इसी बीच वर्षा की वजह से न्यूनतम तापमान औसत से कहीं ज्यादा चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार, यह जगदलपुर में सामान्य से नौ डिग्री, रायपुर और दुर्ग में 4.5 डिग्री, बिलासपुर में 3.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, सिर्फ अंबिकापुर में ही यह सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है।

एक पश्चिमी विक्षोभ 70 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर से 4.5 किमी ऊंचाई तक ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में तथा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक द्रोणिका के रूप में स्थित है।

इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से प्रचूर मात्रा में नमी आने की संभावना है, जिसके कारण प्रदेश के अनेक जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : 11 दिसंबर से पड़ेगी कड़ाके की ठंड:17 डिग्री पर उतरा रात का टेम्परेचर, आसमान में छाए रहे बादल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 11 दिसंबर से ठंड का असर तेजी से दिखाई देगा। रविवार को दिनभर आसमान में बदली छाई रही। इसके चलते ठंड का असर देखने को मिला। वहीं दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार भले ही अभी ठंड कम है, लेकिन इसके बाद भी दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। शुक्रवार और शनिवार को मौसम साफ रहा, जिसके बाद धूप तेज होने के कारण ठंड का असर कम रहा।

ऐसा रहा रविवार का तापमान

रविवार को न्यायधानी में मौसम का रुख बदल गया। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। नतीजा दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। रात में पारा 17.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 17.4 डिग्री पर आ गया। गिरावट के बाद भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।

दो दिन बाद गिरेगा पारा, ठंड दिखाएगा असर

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि ठंड में गर्म कपड़ों का उपयोग और मौसम के अनुसार आहार लेने की आवश्यकता है। दो दिन बाद ठंड की बढ़त का असर जनजीवन पर भी देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट ठंड को और तीव्र कर सकती है।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी

मौसम वेधशाला के वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में नमी युक्त हवाओं का आगमन बंगाल की खाड़ी से हो रहा है। साथ ही एक हवा का सम्मिलन क्षेत्र पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे लगे छत्तीसगढ के ऊपर होने की संभावना बन रही है।

इसके कारण प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर 9 दिसंबर को बन रहा है। 10 दिसंबर को प्रदेश के दक्षिणी भाग में ही संभावित है। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद से ठंड का असर बढ़ेगा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!