छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : अक्‍टूबर में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, नम हवाओं के कारण दिन में उमस में बढ़ोतरी.

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : अक्टूबर माह में बीते 10 वर्षों में राजधानी की रातें ज्यादा गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 25 अक्टूबर 2019 को 21.6 डिग्री रहा था। इस बार अक्टूबर माह पूरा हो गया है, लेकिन न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इस कारण रात में काफी गर्मी रहती है। वहीं दिन में उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नम हवा आ रही है। इस कारण उमस बढ़ी है। प्रदेश से मानसून 15 अक्टूबर को लौट चुका है। फिर भी प्रदेश में बीते एक सप्ताह से कई जगहों पर बारिश हो रही है। राजधानी के आसमान पर बादल छाए हुए है, लेकिन अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री से ज्यादा रिकार्ड किया जा रहा है।

बुधवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है इस वजह से उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है।

बना हुआ है सिस्टम

दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर स्थित है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। जिसके असर से एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। रायपुर शहर बुधवार को बादल छाए रहने व शाम को हल्की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री और 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

तीन नवंबर से उत्तर पूर्व हवाओं की प्रबलता बढ़ जाएगी। जिससे ठंडी हवाओं की एंट्री प्रदेश में हो जाएगी। अभी हवा में नमी है इस वजह से गर्मी पड़ रही है। एचपी चंद्रा, मौसम विशेषज्ञ, रायपुर

पहाड़ी इलाकों में पारा कम नहीं

जशपुर और अंबिकापुर में पारा गिर रहा है, इसके बाद भी अन्य वर्षों की अपेक्षा यहां भी अक्टूबर सबसे गर्म है। मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर है। यहां पर भी दिन को गर्मी पड़ रही है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : दिवाली के बाद दस्तक देगी ठंड: दोपहर में गर्मी और उमस ने किया बेहाल, 32 डिग्री के पार पहुंचा दिन का पारा

बिलासपुर में दिवाली के बाद गर्मी में कमी आएगी और ठंड बढ़ने की संभावना है। आसमान में छाई बदली की वजह से फिलहाल गर्मी और उमस है। बुधवार को मौसम साफ होने की वजह से दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास हुआ। माना जा रहा है कि दिवाली के बाद ठंड में तेजी आएगी।

चक्रवाती तूफान दाना के चलते पिछले सप्ताह बारिश की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, इस दौरान हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन आसमान में काले बादल छाए रहे। बीते मंगलवार को भी हल्की वर्षा की उम्मीद थी, लेकिन बारिश नहीं हुई। अब बिलासपुर में आसमान से बादल छंटने लगे हैं और वर्षा की संभावना कम हो गई है।

बिलासपुर में ऐसा रहा तापमान

बिलासपुर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा, जिसके चलते दोपहर में गर्मी और उमस से लोग परेशान होते रहे। वहीं, रात का तापमान में 24.6 रहा। एक दिन पहले मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।

तापमान में कोई बदलाव नहीं

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा का कहना है कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे ओडिशा के ऊपर स्थित है। प्रदेश में इसके कारण निम्न स्तर पर काफी मात्रा में नमी आ रही है। बिलासपुर समेत प्रदेश में 31 अक्टूबर को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इस दौरान जिले में मौसम शुष्क बने रह सकता है।

दिवाली के बाद बढ़ सकती है ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में दिन के समय तेज धूप का असर रहेगा, जबकि रात का तापमान धीरे-धीरे गिरता चला जाएगा। अब, बदलते मौसम में शहर के लोगों को सर्दी-गर्मी का यह मिश्रण रहेगा।

दिन के बढ़ते तापमान के साथ रात्रि की ठंडी हवाओं के मिश्रण से दिनचर्या में भी बदलाव की शुरुआत हो रही है। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि दिवाली पर इस साल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वर्षा की संभावना नहीं है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!