छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : छत्‍तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुई मानसूनी गतिविधियां, IMD ने 24 से 48 घंटों के लिए जारी किया अलर्ट

मौसम अपडेट : मानसून की गतिविधियां एक बार फिर से सक्रिय हो गई हैं और इसका असर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, सोमवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में सरगुजा संभाग के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है, और कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश भी हो सकती है। इसके चलते IMD ने 24 से 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है।

इसे लेकर सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के लिए 24 से लेकर 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं, जबकि मध्य व छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावनाएं कम ही हैं।

इसी बीच रविवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जिसमें सर्वाधिक वर्षा उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिली, जबकि प्रदेश के अन्य संभागों में उमस ने लोगों को परेशान किया। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस सुकमा में, जबकि न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

यह बन रहा है सिस्टम

एक गहरा अवदाब गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है और यह धीरे-धीरे पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए गंगेटिक पश्चिम बंगाल को पार करते हुए अपनी प्रबलता बनाए रखेगा। उसके बाद कमजोर होकर, अवदाब के रूप में पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर उसके 48 घंटे में जाने की संभावना है।

अगले 12 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ने और कमज़ोर होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद, यह अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा।

वहीं, मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, पटियाला, शाहजहांपुर, बलिया, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित गहरा अवदाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।

24 घंटे के लिए बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा बलरामपुर में 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, जशपुर, सूरजपुर को यलो अलर्ट में रखा गया है। यहां एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही अगले 48 घंटो के लिए बलरामपुर व सूरजपुर के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सरगुजा, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, जशपुर, कोरबा व रायगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : आज से बारिश की गतिविधियां होंगी तेज, दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है

बिलासपुर में आज दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। पर्यटन क्षेत्रों में घूमने फिरने के शौकीनों के लिए मौसम अच्छा रहने वाला है। हालांकि पहाड़ी या वनांचल क्षेत्र में सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। यात्रा से पूर्व मौसम को लेकर अपडेट हो जाना चाहिए। इधर रविवार को बिलासपुर का मौसम खुशनुमा बना दिक्कत नहीं हुई।

बिलासपुर भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर इस साल भी वर्षा की संभावना बन रही है। मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से यह स्थिति बन रही है। 16 सितंबर की शाम से 18 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञानी भी मान रहे हैं कि बिलासपुर अंचल में इसका प्रभाव हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान की मानें तो इस सप्ताह एक गहरा अवदाब जो गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर स्थित है और मानसून द्रोणिका का असर दिखेगा। अंचल में 16 सितंबर को निम्न दबाव प्रणाली आने की संभावना है। इसके कारण बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। इस बीच ठंडी हवाएं चलेंगी।

बंगाल की खाड़ी में अवदाब मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक गहरा अवदाब गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर पहुंचने की संभावना है। उसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की तरफ अवदाब के रूप में उसके अगले 24 घंटे में पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना है।

तीन दिनों में ऐसा रहेगा मौसम

16 सितंबर-गरज के साथ बहुत हल्की बारिश

17 सितंबर-हल्की से मध्यम बारिश संभावित

18 सितंबर-आसमान में छाए रहेंगे बादल

शहर में 10.5 मिमी बारिश दर्ज

एक दिन पहले शहर में 10.5 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। जिले के 12 तहसील में एकमात्र शहर में बादल बरसे थे। इसके बाद बूंदाबांदी तक सीमित था। रतनपुर में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले साल विश्वकर्मा जयंती पर बारिश गिरी थी। इस साल भी इसकी संभावना बनी हुई है।

कोटा में इस साल अच्छी बारिश

एक जून से अब तक इस साल कोटा तहसील में बारिश अच्छी हुई है। 1088 मिमी बारिश हो चुकी है जो सामान्य से ज्यादा है। सामान्य वर्ष 990 मिमी है। इसके बाद बिलासपुर शहर में 1057 मिमी पानी गिरा है जो सामान्य से कुछ अधिक है। सबसे कम इस साल पचपेड़ी और बिल्हा में बारिश हुई है। यहां 796 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य से कम है।

छत्तीसगढ़ में अब तक 1077.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1077.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 16 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2280.3 मिमी और बेमेतरा जिले में सबसे कम 569.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।

राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा जिले में 570.7 मिमी, सूरजपुर में 1015.8 मिमी, बलरामपुर में 1531.2 मिमी, जशपुर में 889.0 मिमी, कोरिया में 981.5 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 995.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।

इसी प्रकार, रायपुर जिले में 908.9 मिमी, बलौदाबाजार में 1124.4 मिमी, गरियाबंद में 1017.2 मिमी, महासमुंद में 852.4 मिमी, धमतरी में 977.0 मिमी, बिलासपुर में 933.0 मिमी, मुंगेली में 1046.7 मिमी, रायगढ़ में 964.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 623.3 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1129.4 मिमी, सक्ती 948.4 मिमी, कोरबा में 1307.8 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1101.3 मिमी, दुर्ग में 629.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 849.3 मिमी, राजनांदगांव में 1074.3 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1195.1 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 813.5 मिमी, बालोद में 1126.3 मिमी, बस्तर में 1219.9 मिमी, कोण्डागांव में 1115.6 मिमी, कांकेर में 1360.0 मिमी, नारायणपुर में 1337.1 मिमी, दंतेवाड़ा में 1462.8 मिमी और सुकमा जिले में 1620.0 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!