छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : मानसून एक्टिव, कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, जानें कब से होगी झमाझम बारिश…

1 जुलाई से छत्‍तीसगढ़ में बढ़ने वाला है बारिश का दायरा मानसूनी सिस्‍टम नहीं बनने की वजह से छत्‍तीसगढ़ में व्‍यापक रूप से बारिश नहीं हुई है। जून का महीना 36 फीसदी कम बारिश के साथ बीतने को है। अभी रायपुर समेत 31 जिलों में स्थिति माइनस की है। छत्‍तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में शनिवार को भारी बारिश को लेकर अलर्ट (Rainfall Alert) जारी किया गया।

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से शनिवार को छत्‍तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार (Rainfall Alert in Chhattisgarh) है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रायपुर संभाग व बिलासपुर संभाग से लगे जिलों में यह भारी वर्षा हो सकती है।

इनमें प्रमुख रूप से रायगढ़, महासमुंद, बलौदाबाजार, जशपुर सहित अन्य बहुत से क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने के साथ बिजली भी गिर सकती है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी। बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

विभाग के अनुसार रविवार तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इसके बाद सोमवार एक जुलाई से प्रदेश में बारिश का दायरा भी बढ़ने वाला है। शुक्रवार को प्रदेश भर में बलरामपुर सर्वाधिक गर्म रहा, एआरजी बलरामपुर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। इसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। बीजापुर में 23 सेमी, नगरी में 9 सेमी, भाटापारा में 8 सेमी, बलौदाबाजार-जगदलपुर-पाटन में 7 सेमी, दोरनापाल-तोंगपाल-बस्तर में 6 सेमी बारिश हुई। इन क्षेत्रों के साथ ही प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके साथ ही हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। प्रदेश में इसके प्रभाव से शनिवार को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी और रायपुर संभाग व बिलासपुर संभाग से लगे कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!