छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में पहली बार सुकमा जिले के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा है। शनिवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा जिले के साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र, ओडिशा के कुछ भाग और तेलंगाना में भी दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रवेश की घोषणा की है। विभाग का कहना है कि अब दक्षिण पश्चिम मानसून बड़ी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है।
रविवार को भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही बारिश के आसार हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून का रायपुर प्रवेश भी समय से पहले होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से काफी ज्यादा बारिश की संभावना है।
शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट भी रही। मानसून की आहट से लू के थपेड़ों से राहत मिली है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार से बुधवार 12 जून तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। 13 जून से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधि बढ़ेगी और इसके अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ ही रायपुर में भी मानसून प्रवेश की संभावना है।
आज बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के शेष भाग, महाराष्ट्र के कुछ भाग और तेलंगाना में अगले दो से तीन दिनों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है। शनिवार को बलरामपुर सर्वाधिक तापमान 42.5 डिग्री रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।
आरंग में आंधी तूफान कई जगह बारिश
आरंग में आंधी तूफान से जनजीवन प्रभावित भी रहा। आंधी तूफान के चलते पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गई और इसके चलते जन जीवन प्रभावित रहा। डीडी कालोनी में 20 घंटे बिजली बंद और दो दिन तक पानी सप्लाई भी प्रभावित रही। इसके साथ ही गुंडरदेही, महासमुंद, मगरलोड, तेलूंगा में हल्की बारिश भी हुई।
बिलासपुर मौसम अपडेट : गर्मी, उमस, आंधी, गर्जना के साथ वर्षा से होगा इस सप्ताह सामना, कुछ ऐसा रहने वाला है मौसम
गर्मी और उमस के बाद आई पहली बारिश ने बिलासपुर के निवासियों को राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम में एकदम से राहत नहीं मिलेगी। गर्मी का असर बना रहेगा। उमस भी बढ़ेगी। सप्ताह के अंत में आंधी व गर्जना के साथ मानसून से सामना होगा।
मौसम विभाग की मानें तो नौ जून से लेकर 15 जून के बीच मौसम में जबरदस्त उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। शुरूआत में गर्मी महसूस होगी। दिन के अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। शाम के वक्त मौसम में तेजी से बदलाव होगा। नौ जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि बिलासपुर में इसकी संभावना कुछ कम है। मध्यभारत में 13, 14 जून को बारिश अपनी एक झलक दिखला कर चली जाएगी फिर 15 या 16 से मानसून प्रवेश करेगा।
इस सप्ताह स्थिति/बारिश की संभावना
अगले सात दिनों में मौसम सामान्य रहेगा। अंत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आसपास ग्रामीण अंचल में भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मौसम में जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्वच्छ पानी पिएं, भोजन को ढक कर रखें और मच्छरों से बचाव करें।
तापमान में गिरावट
12 जून के बाद दिन के तापमान में कमी आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दिन का औसत तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रह सकती है।
उमस में होगी वृद्धि
प्री मानसून के बाद उमस बढ़ सकती है, जिससे थोड़ी असुविधा हो सकती है। खासकर सुबह और शाम के समय उमस अधिक महसूस हो सकती है। सप्ताह के मध्य में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।




















