छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : देश के कई हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ में गर्मी चरम पर पहुंच चुकी हैं. गर्म हवाओं ने राज्य के बड़े हिस्से को बेहाल कर रखा है. रायपुर समेत चार जिले ऐसे हैं, जहां गुरुवार का पारा 46 डिग्री से ज्यादा रहा. इस भीषण गर्मी ने कई को अस्पताल पहुंचाया है. राजधानी सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है.
राजधानी में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री दर्ज किया गया. प्रदेश में सर्वाधिक गर्म मुंगेली है. यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री रहा. आने वाले 24 घंटों के दौरान गर्मी से विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को लू चलने तथा उष्ण रात्रि की चेतावनी दी गई है. वहीं दूसरी ओर केरल में मानसून का प्रवेश हो गया है लेकिन इससे प्रदेश को विशेष राहत फिलहाल नहीं मिलेगी. मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. प्रदेश में मानसून प्रवेश 12 से 15 जून के मध्य भिन्न-भिन्न हिस्सों में अलग-अलग तिथियों में होगा.
गर्मी से राहत प्री मानसूनी गतिविधियों के अंतर्गत होने वाली एक-दो बारिश के बाद ही मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. रायपुर अथवा उसके सीमावर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है. वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः चरम उत्तर और चरम दक्षिण भाग संभावित हैं.
इन जिलों के लिए येलो
रायपुर सहित प्रदेश के मनेन्द्रगढ़ – दिरदमरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, राजनांदगांव, खैरागढ़- छुईखदान – गंडई, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा एवं कबीरधाम में ग्रीष्म लहर एवं उष्ण रात्रि की चेतावनी जारी की गई है.




















