छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : आज से बदलेगा मौसम, कल से बढ़ेगी गर्मी, अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम, होली पर खिली रहेगी धूप…

मौसम अपडेट : पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से न्यायधानी में मंगलवार की शाम झमाझम वर्षा हुई। तेज मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली से आमजन सहम गए। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वसंत ऋतु में भादो आ गया हो। शहर के भीतर 40 मिमी वर्षा दर्ज किया गया। जिस वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए।

मौसम वेधशाला की मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिमी विदर्भ और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका झारखंड से असम तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश में कल 20 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने की संभावना है। इधर मंगलवार की शाम सूर्यास्त के साथ अचानक शहर का मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ जबरदस्त वर्षा हुई। आंधी और बिजली के बीच मेघ गर्जन से आम लोग सहम गए। ग्रीष्म ऋतु प्रारंभ होने के बाद से यह पहला मौका था जब इस तरह से मौसम का मिजाज बिगड़ा। गर्जना के चलते लोग अपने घरों और ऑफिस में ही दुबके रह गए। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे काम होगा। बुधवार दोपहर के बाद हालात सुधरेंगे और गुरुवार से गर्मी बढ़ेगी।

सूर्य देव करेंगे आंखें लाल

मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का मानना है कि 21 मार्च से मौसम का मिजाज पुनः बदलेगा। वातावरण में नमी की मात्रा कम होगी। गर्मी के बीच उमस का एहसास होगा। इस बीच अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड बने रह सकता है। 21 मार्च से अगले पांच दिनों तक लगातार अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि संभावित है।

होली पर खिली रहेगी धूप

अधिकांश लोगों को यह चिंता थी कि इस साल होली पर वर्षा जैसी स्थिति बन सकती है लेकिन मौसम विज्ञानों ने इसे नकार दिया है। उनका कहना है कि मौसम में बदलाव का दौर प्रारंभ होगा जिस वजह से होली पर आसमान से बदल छठ जाएंगे। धूप खिली रहेगी। यह भी संभव है कि गर्मी का असर तेज रह सकता है।

बेमौसम बारिश से मौसम हुआ ठंडा, तापमान पांच डिग्री गिरा, जानिए IMD का ताजा अपडेट

बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ का मौसम मानसून जैसा हो गया है। राजधानी सहित प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में गरज, चमक के साथ बारिश हो रही है और कहीं – कहीं ओलावृष्टि भी हो रही है। इसी वजह से नमी 93 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर में भी अंधड़ के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अगले दिन यानी 21 मार्च से बादल छंटेंगे फिर लगातार 5 दिनों तक तापमान बढ़ेगा।

बेमौसम बारिश ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया है। मंगलवार को राजधानी रायपुर में दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश ओर ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्‍य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही न्‍यूनतम तापमान भी 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्‍य से एक डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग ने बुधवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने का अनुमान लगाया है। उसके बाद गर्मी फिर से बढ़ सकती है। दो दिन से मौसम बदला हुआ है।

यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

दुर्ग, पथरिया, बोरला, मालखरौद, मुंगेली, तमनार, तपकरा, कसडोल, चांपा, बलौदाबाजार में 11 सेमी वर्षा हुई।

ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ी

लगातार दूसरे दिन बारिश के साथ ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कवर्धा और कांकेर में ओले गिरने के साथ ही जमकर वर्षा हुई। इससे गेहूं, चना की फसल के साथ ही सब्जियों को नुकसान पहुंचा है। अधिकांश जगह पारा गिर गया। पेंड्रा रोड में सबसे कम 24.3 डिग्री तापमान रहा। बिलासपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 27.4 डिग्री रहा। बुधवार को भी वर्षा होने की संभावना है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!