छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : सामान्य रहने के दो दिन बाद छत्‍तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर से बदलने के आसार…….

छत्‍तीसगढ़ : सामान्य रहने के दो दिन बाद राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर से बदलने के आसार बन रहे हैं। भारतीय क्षेत्र को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर एक्टिव हो रहा है। अभी शहर में रात का तापमान सामान्य से चार डिग्री तक ज्यादा हो चुका है, वहीं दिन की धूप भी थोड़ी तेज होने लगी है।

ठंड का असर सरगुजा संभाग के एक दो शहरों तक सिमटा हुआ है। हालांकि वहां का तापमान भी 12 डिग्री तक पहुंच चुका है। रायपुर में तो रात की ठंड लगभग गायब हो चुकी है और पारा सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन बाद छत्‍तीसगढ़ के मौसम में बदलाव की संभावना है। बादल बारिश जैसी स्थिति बनने के आसार है।

अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा

शुक्रवार को प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। रायपुर का न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा।

शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में हो रही बढ़ोतरी के चलते ठंड लगातार कम होते जा रही है। शहरी क्षेत्रों से तो ठंड काफी कम हो गई है और केवल ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों में ही ठंड बनी हुई है। शुक्रवार को खैरागढ़ क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश भी हुई।

बिलासपुर : आसमान में हल्के बादल, दिन में गर्मी का अहसास, रात में जब चली ठंडी हवाए

शुक्रवार को रात में गर्मी का असर कम था। शनि की सुबह ठंडी हवाएं चलीं। नतीजा न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। पारा 19.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 19 डिग्री पर आ गया। आसमान में हल्के बादलों की उपस्थिति के चलते दिन में हल्की उमस व गर्मी महसूस हुई। सर्दी के मौसम के बीच अब गर्मी दस्तक देने लगी है। दिन में धूप के कारण अभी भी तापमान में तल्खी बरकरार है। शनिवार की सुबह से शाम तक वैसे तो मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। बीच-बीच में हल्के बादल जरूर नजर आए, लेकिन वे जल्दी ही चले गए।

दोपहर में धूप का असर आम दिनों की अपेक्षा थोड़ा तेज रहा। न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। इससे पूर्व शुक्रवार की रात ठंडी हवाएं चलने से ठंड का अहसास होने लगा। हालांकि रात में हल्की ठंड पड़ने से तापमान में मामूली गिरावट हुई है।

तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं: डा.चंद्रा

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी भाग में उत्तर हवा का प्रभाव बढ़ने और दक्षिणी हवा का प्रभाव घटने के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की प्रबल संभावना है। जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!