छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मानसून कमजोर पड़ने से बढ़ने लगा तापमान, कमजोर बारिश से खेतों में आई दरारे, अगले तीन दिनों के भीतर तीन डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना, जानें ताजा अपडेट..

छत्‍तीसगढ़ मौसम अपडेट: राजधानी सहित छत्‍तीसगढ़ में अब वापस से अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर शुरू हो गया है। वहीं, अगले तीन दिनों के भीतर इसके दो से तीन डिग्री और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, मानसून की स्थिति पर अब ब्रेक सा लग गया है और साेमवार को प्रदेश के एक से दो स्थानों पर ही हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना मौसम विज्ञानी जता रहे हैं।

इसके अलावा राजधानी में बादलों के आंशिक रूप से छाए रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसी बीच रविवार को राजधानी में अच्छी खासी धूप देखने को मिली और उमस ने लोगों को जमकर परेशान किया। वहीं, प्रदेश के कुछ हिस्सों में पांच सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस धमतरी में और न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा प्रदेश में सर्वाधिक पांच सेंटीमीटर वर्षा ओरछा में दर्ज की गई, जबकि छिंदगढ़, बस्तर, गीदम, जगदलपुर में तीन सेंटीमीटर, कोंटा, भैरमगढ़, बकावंड, भोपालपट्टनम में दो सेमी, बीजापुर, बस्तानार, सुकमा, कोंडगांव, लोहांडीगुड़ा, बड़ेराजपुर और दंतेवाड़ा में एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में इससे कम वर्षा देखने को मिली।

मौसमी सिस्टम मानसून द्रोणिका का पश्चिमी छोर औसत समुद्र तल पर हिमालय की तराई से होकर गुजर रहा है अौर इसका पूर्वी छोर गाेरखपुर, दरभंगा, बालुरघाट से होकर गुजर रहा है और वहां से पूर्वी मणिपुर तक जा रहा है। इसलिए मानसून द्रोणिका का कोई खास असर प्रदेश में देखने को नहीं मिल रहा है और बारिश नहीं हो रही है।

किसान बोले- खेत जाकर देखें फसल की हालत कितनी खराब :

कमजोर बारिश की वजह से किसान अब जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग करने लगे हैं। सोमवार को छग संयुक्त किसान मोर्चा ने नरहरपुर विकासखंड को सूखाग्रस्त घोषित करने जनचौपाल में कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला से मांग की। किसानों ने कहा कृषि तथा राजस्व विभाग का अमला खेतों में पहुंच देख सकते हैं फसल की हालत कितनी खराब है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!