छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्‍तीसगढ़ में मानसून द्रोणिका एक्टिव, मौसम विभाग का अलर्ट, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग संभाग में आज भारी वर्षा के आसार…

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को रायपुर संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा हो सकती है।

CG Weather Update: छत्‍तीसगढ़ में अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मानसून द्रोणिका और निम्न दाब के क्षेत्र के चलते मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को रायपुर संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही बस्तर क्षेत्र में भी भारी वर्षा की संभावना है।

मानसून द्रोणिका और निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ा

मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों मानसून द्रोणिका और निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है,इससे उत्तर छत्तीसगढ़ में भी वर्षा शुरू होगी। बीते कुछ दिनों से बारिश कमतर होने से रायपुर सहित प्रदेश भर में उमस भी बढ़ी है। गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान एआरजी सक्ती में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अब अच्छी बारिश होने के आसार है, आने वाले कुछ दिनों में अच्छी वर्षा होगी। मालूम हो कि एक जून से लेकर अभी तक की स्थिति में प्रदेश में वर्षा सामान्य से कम है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका दुर्ग से होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तो भारी वर्षा के भी आसार बने हुए है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!