छत्तीसगढ़

मौसम अपडेट : बादल छंटे तो बिलासपुर में ठंड ने दिखाए तेवर, आज और गिरेगा पारा…

बिलासपुर। उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं का अब फिर से निर्बाध रूप से प्रवेश होने लगा है। इसके चलते बीते चार दिनों से रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगामी दिनों में तापमान और गिरेगा जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले तक शहर समेत संभागभर का मौसम बदला हुआ था। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आसमान में घने बादल छाए हुए थे और बारिश भी हुई थी। इसके चलते दिन में तो ठंड महसूस हो रही थी पर रात का पारा चढ़ गया था। इससे ठंड लगभग गायब हो गई थी। अब पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो गया है। ऐसे में उत्तर से आने वाली शुष्क व ठंडी हवाएं निर्बाध रूप से प्रदेश में दस्तक दे रही है।

इससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 27 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इन सबके बीच शाम से ही ठिठुराने वाली ठंड पड़ेगी।

इधर, 27 और 28 जनवरी को प्रदेश में एक दो पैकेट में शीतलहर की स्थिति निर्मित होने की भी संभावना है। इस अवधि में प्रदेश उत्तरी भाग के एक दो पैकेट में सुबह हल्के से मध्यम घना कोहरा बनने की संभावना है। ऐसे में शहर के आसपास के इलाकों में भी कोहरा दिख सकता है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!