छत्तीसगढ़

सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा,1 आरोपी गिरफ्तार….

कांकेर : सूने मकान में हुई चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए चारामा पुलिस ने 01 आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की। कार्रवाई के दौरान सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं अन्य औजार जब्त किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹8 लाख है।

श्रीमान निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन, श्री योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा श्री मोहसीन खान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए 01 आरोपी को गिरफ्तार किया।

प्रकरण थाना चारामा के अपराध क्रमांक 155/2026 धारा 305(ए), 331(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही पवन सोनकर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 16 जुलाई 2026 को मकान के पीछे से प्रवेश कर दरवाजे एवं आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी की थी। चोरी किए गए सामान को घर में रखे पर्स में भरकर उसी रास्ते से निकल गया। आरोपी ने निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

बरामदगी : आरोपी के कब्जे से चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई, जिसमें सोने एवं चांदी के विभिन्न आभूषण, नगदी राशि, घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल, 01 मोबाइल फोन, लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास एवं आरी सहित अन्य औजार बरामद किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹8 लाख है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!