कसडोल/कटगी। ग्राम कटगी में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान सड़कों पर उपद्रव मचाने और खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कसडोल पुलिस ने कुल 26 युवाओं को पकड़ा है, जिनमें 16 अवयस्क बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो चारपहिया वाहन और दो बाइक भी जब्त की है।
वायरल वीडियो से हुई पहचान
घटना उस समय की है जब ग्राम कटगी में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कुछ युवाओं ने चलती कारों और बाइकों पर सवार होकर जानलेवा स्टंट किए और सड़क पर उपद्रव मचाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से सभी आरोपियों की पहचान की। पकड़े गए युवाओं में स्कूल के वर्तमान छात्रों के साथ-साथ ‘ड्रॉप आउट’ (पढ़ाई छोड़ चुके) युवा भी शामिल हैं।
परिजनों के सामने लगी फटकार
पुलिस ने पकड़े गए 16 नाबालिगों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें और उनके परिजनों को थाने बुलाया। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों के सामने ही इन बालकों को कड़ी फटकार लगाई गई और दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल न होने की सख्त हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इन 10 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कुल 04 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की गई है:
- भावेश देवांगन (18), निवासी रामपुर
- प्रहलाद कैवर्त (18), निवासी रामपुर
- भार्गव देवांगन (18), निवासी कटगी
- पुरण चंद कैवर्त (18), निवासी रामपुर
- कमलेश जायसवाल (19), निवासी अमोदी
- निशांत देवांगन (18), निवासी कटगी
- पियूष देवांगन (18), निवासी कटगी
- साहिल साहू (19), निवासी अमलीडीह
- फिरु यादव (27), निवासी कटगी
- होमेश देवांगन (19), निवासी कटगी
पुलिस की चेतावनी
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिख रहे अन्य वाहनों और युवकों की पहचान अभी भी जारी है। लापरवाह ड्राइवरों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि स्टंटबाजी को मनोरंजन न समझें, यह जानलेवा हो सकता है।




















