छत्तीसगढ़

रायपुर : महिला यात्री का मोबाईल फोन चोरी करने वाले रेपिडो चालक गिरफ्तार…

रायपुर – प्रार्थिया श्रीजन विला निवासी भीम नगर पुरानी बस्ती ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 16.08.2026 को शाम करीब 04ः15 बजे सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन रायपुर से रैपिडो एप के माध्यम से वाहन बुक कर शास्त्री चौक से आमापारा चौक होते हुए भीम नगर पहुंची। फल खरीदने के बाद फलों से भरा बैग भारी होने के कारण उसे वाहन चालक के पैर के पास रख दी, जिसमें उसके दो मोबाइल फोन भी रखे थे। भीम नगर पहुंचने पर प्रार्थिया के वाहन से उतरकर सामान उठाने के दौरान अज्ञात रैपिडो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। रोकने का प्रयास करने पर भी वह नहीं रुका तथा दूसरे गली की ओर भाग गया। चालक द्वारा प्रार्थिया के 02 मोबाईल फोन कुल 40,000 को चोरी कर ले गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 411/26 धारा 304(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना को पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री रॉबिन्सन गुड़िया द्वारा गंभीरता से लेते हुये अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थिया से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही घटनास्थल एवं आरोपी के आने-जाने के संभावित मार्गों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से अवलोकन किया गया। प्रार्थिया द्वारा रैपिडो एप के माध्यम से बुक किए गए वाहन एवं उसके चालक के संबंध में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी लगातार पतासाजी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा रैपिडो एप से संबंधित तकनीकी जानकारी, वाहन की पहचान एवं घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करते हुए आरोपी चालक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास करते हुये रैपिडो वाहन चालक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह, निवासी गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी नरेन्द्र सिंह की पतासाजी करते हुए पकड़कर पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।

इस प्रकार प्रकरण में त्वरित कार्यवाही कर प्राथमिकी दर्ज होने के चंद घंटो के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 02 नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाइल फोन तथा दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 1,20,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध किया गया।

गिरफ्तार आरोपी – नरेन्द्र सिंह पिता दिनेश सिंह उम्र 25 साल निवासी रामसागरपारा थाना सी.एस.ई.बी. जिला कोरबा। हाल पता – श्रीनगर गुढ़ियारी थाना गुढ़ियारी रायपुर।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!