छत्तीसगढ़

रायपुर : प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का खुलासा: महिला और 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर :- दिनांक 21.03.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक मुरूम गड्ढे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दफन है, जिसमें शव का एक हाथ एवं एक पैर जमीन से बाहर दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मुरूम गड्ढे में दफनाया गया है, जिसका एक हाथ और एक पैर जमीन के ऊपर निकला हुआ था। जिस पर थाना अभनपुर में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विधिवत शव का उत्खनन कराया गया। उत्खनन के पश्चात शव एक पुरुष का पाया गया, जिसकी आयु लगभग 25 से 30 वर्ष के मध्य थी। शव का पी.एम. कराने पर डॉ. द्वारा मृतक के गर्दन पर गहरा आघात से मृतक का श्वासनली में चोट लगने एवं गहरा आघात से संभवतः मृतक को अधमरा अवस्था में ही मुरूम गढ्ढा में दफन करने से मृतक के नाक, मुंह से होते श्वांसनली के अन्दर तक मिट्टी जाने से श्वांसनली अवरूद्ध होने से मृत्यु होना एवं मृत्यु की प्रकृति होमीसाईडल होना लेख किया गया। अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 97/26 धारा 103(1), 238 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

इस अंधे कत्ल की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा प्रकरण के शीघ्र खुलासे हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री अभिषेक झा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री तुलसी राम लेकाम, थाना प्रभारी अभनपुर निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह श्याम तथा प्रभारी एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट निरीक्षक सचिन सिंह को मृतक की पहचान स्थापित करने एवं अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना अभनपुर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा मृतक की पहचान हेतु आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा जिले एवं सीमावर्ती जिलों के थानों में दर्ज गुमशुदा व्यक्तियों के विवरण, हुलिया एवं अन्य उपलब्ध सामग्रियों के आधार पर मिलान किया जाने लगा।

जांच के दौरान थाना माना में दर्ज एक गुमशुदगी के मामले से संबंधित व्यक्ति के कपड़ों, टैटू एवं अन्य वस्तुओं का मिलान मृतक से किया गया, जो काफी हद तक समान पाया गया। इसके आधार पर गुमशुदा व्यक्ति के परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई, जिसमें परिजनों ने मृतक की पहचान नितेश बत्रा पिता दयाराम बत्रा, उम्र 29 वर्ष, निवासी माना, रायपुर के रूप में की।

इसके पश्चात टीम द्वारा मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा उसके निवास स्थान के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी एकत्रित की गई। घटना स्थल ब्लाइंड स्पॉट में स्थित होने के कारण टीम द्वारा आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। साथ ही मुखबिर सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए।

इसी क्रम में टीम को घटना में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला मुजगहन रायपुर के रूप में की गई। उसकी तलाश करने पर ज्ञात हुआ कि वह आलू, प्याज एवं कलिंदर का व्यवसाय करता है तथा वह काम करने हेतु अन्य कर्मचारी भी रखा है तथा घटना के पश्चात वह एवं उसके कर्मचारी फरार हो गए हैं। इससे टीम का संदेह और अधिक गहरा हुआ तथा आरोपियों की सक्रिय रूप से पतासाजी प्रारंभ की गई।

इसी दौरान घटना में संलिप्त आरोपियों की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू एवं विधि के साथ संघर्षरत दो बालक को पकड़ा गया।

आरोपी श्याम सुंदर सोनी एवं सावित्री साहू के मध्य प्रेम संबंध था। दिनांक 16.03.26 की रात्रि श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर माना गया था। जहां पूर्व से नितेश बत्रा खडा था और सावित्री साहू के घर की तरफ देख रहा था। जिसे श्याम सुंदर सोनी बोला तुम यहां क्यों आये हो सावित्री साहू ने उसे फोन करके बताया है कि तुम उसे रोज आकर परेशान करते हो, इसी बात पर दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ। तब श्याम सुंदर सोनी ने उसके साथ मारपीट करते हुये पास पड़े बबूल के लकड़ी से उसके सिर में मारा उसी समय सावित्री साहू बाहर आयी और बोली की और मारो रोज आकर मुझे परेशान करता है। उसके बाद श्याम सुंदर सोनी दुकान में काम करने वाले अपने अन्य कर्मचारियों को आटो में लेकर आया। फिर सभी नितेश बत्रा के साथ मारपीट करने लगे तब सावित्री साहू बोली मरते दम तक मारो रोज आकर परेशान करता है। उसके बाद आरोपी/अपचारी नितेश बत्रा को ऑटो में बैठाये तथा उसके स्कूटी को चलाते हुए कमल विहार डुण्डा होते हुए, मुजगहन के आगे एक पुलिया के पास पहंुचकर स्कूटी को पुलिया के नीचे गिरा दिये तथा सभी ऑटों में बैठकर खोरपा होते हुए खट्टी, ढोढ़रा के बीच तालाब के पास पहुंचकर उस लड़के को ऑटों से बाहर उतारकर सभी लोग हाथ मुक्का से मारपीट किये तथा गले में गमछा फंसा कर खींचकर पकड़े थे जिससे वह बेहोश हो गया। उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना दिये तथा फरार हो गये थे।

आरोपियों/अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित लकड़ी, आटो वाहन व अन्य सामान जप्त कर प्रकरण में आरोपियों/अपचारियों के विरूद्ध धारा 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस जोड़ी जाकर कार्यवाही किया गया। प्रकरण में संलिप्त आरोपी माईकल सैनी फरार है जिसकी पतासाजी की जा रहीं है।

गिरफ्तार – 01. श्याम सुंदर सोनी पिता विनायक सोनी 21 वर्ष निवासी ग्राम माही थाना करछना प्रयागराज  (उ.प्र.)। हाल पता बोरियाकला थाना मुजगहन रायपुर।

02. सुमित कोसले पिता यशवंत कोसले उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम भरेंगाभट्टा थाना अभनपुर जिला रायपुर।

03. सावित्री साहू पिता दिनेश साहू उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम जमगला थाना लखनपुर जिला सरगुजा। हाल पता टेमरी एकता नगर थाना माना जिला रायपुर।

04. विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक।

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!