छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा में खराब रहेगा मौसम, हल्की वर्षा के आसार..

Chhattisgarh Weather : छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। विभिन्न क्षेत्रों में दोपहर को चिलचिलाती धूप और उमस के बाद देर शाम को बादल छाने के साथ तेज हवा चल रही है और वर्षा भी हो रही है। बुधवार को गिरयाबंद जिले के मैनपुर में दो सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बिलासपुर क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। प्रदेश के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवा आने को मौसम का मिजाज बदलने का कारण बताया जा रहा है। गुरुवार को भी इसके चलते प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि विशेष रूप से बिलासपुर, कोरबा और सरगुजा में मौसम ज्यादा खराब रहेगा।

मौसम का मिजाज बदलने के बाद भी लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिली है। बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की चिलचिलाती धूप और गर्मी से लोग हलाकान रहे।

बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 27.3 डिसे, सामान्य से तीन डिसे अधिक रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.0 डिसे और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिसे कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार जशपुर में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज बदलने के बाद भी लोगों को गर्मी व उमस से राहत के आसार नहीं हैं।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवा आ रही है। इसकी वजह से गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!