छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : द्रोणिका से बदला मौसम का मिजाज, आज हो सकती है हल्‍की बारिश, तापमान में किसी भी प्रकार से बदलाव के आसार नहीं

रायपुर । द्रोणिका के प्रभाव से छत्‍तीसगढ़ के मौसम में थोड़ा बदलाव हुआ है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी हो रही है। हालांकि, इससे गर्मी से किसी भी प्रकार से राहत नहीं है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि तापमान में किसी भी प्रकार से बदलाव के आसार नहीं है। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही बहुत से क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। इधर, राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार का रहेगा।

राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह हल्के बादल छाने के साथ हवाएं चली। दोपहर होते-होते चिलचिलाती धूप की वजह से गर्मी में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। पौड़ी उपरोरा में 2 सेमी तथा कुछ क्षेत्रों में इससे कम बारिश दर्ज किया गया।

रायपुर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार सबसे कम न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार, नारायणपुर और अंबिकापुर में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इन दिनों प्रदेश के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवाएं लगातार आ रही है। इसके प्रभाव से ही शुक्रवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ही गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!