छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : आसमान से बरस रही आग, लू को लेकर अलर्ट जारी, चार दिन में तीन डिग्री और चढ़ सकता है पारा..

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : रायपुर सहित पूरे छत्‍तीसगढ़ में गर्मी सितम ढा रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों का हाल बेहाल है। भीषण गर्मी के बढ़ने के बाद लोगों को लू से बचाव के लिए अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में तापमान तीन डिग्री तक बढ़ेगा।

रायगढ़ का तापमान 43.9 डिग्री दर्ज

शुरुआती मई में रायपुर सहित पूरे राज्य में गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य का सर्वाधिक तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है। बुधवार को रायगढ़ का तापमान अन्‍य शहरों को पीछे छोड़ते हुए 43.9 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं महासमुंद, डोंगरगढ़, तिल्दा जैसे इलाकों में भी गर्मी का तेज प्रभाव दिखा।

जानें छत्‍तीसगढ़ के दूसरे शहरों में कितना रहा तापमान

वहीं रायपुर में भी गर्मी बढ़ी है और तापमान में पिछले 24 घंटे की तुलना में दशमलव दो डिग्री की वृद्धि हुई है। रायपुर में पारा 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि माना में 42.1, बिलासपुर में 41.6, पेण्ड्रारोड में 40, अंबिकापुर में 39.8, जगदलपुर में 39.6 और राजनांदगांव में 42 डिग्री था।

हालांकि रायपुर में आधी रात को कुछ देर तेज हवा भी चली। न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस था। गर्मी से बेहाल लोग देर रात तक सपरिवार चहलकदमी कर रहे हैं

तीन से चार दिनों तक जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप

मौसम विभाग के अनुसार गर्मी का प्रकोप अगले तीन से चार दिनों तक जारी रहेगा। गुरुवार को रायपुर में आकाश साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : आसमान में बादलों की हल्की परत, तापमान में खास परिवर्तन नहीं

न्यायधानी भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही है। दिन का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग की माने तो गुरुवार को भी यही स्थिति रहेगी। मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं की मात्रा में कमी होने के कारण प्रदेश में दो मई को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इधर बिलासपुर में बुधवार को गर्मी का असर तेज था।

लोग छांव की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। घर की छत और दीवारें भी तपने लगी थीं। इन सबके बीच शीतल पेय की बिक्री भी बढ़ गई है। लोग शाम होते ही इनका आनंद ले रहे हैं। जबकि दोपहर में अधिकांश सड़कें सूनी हो जा रही हैं। बाजार में भी चहल-पहल दिन में कम होने लगी है। अभी मई की शुरुआत में ये हाल है, जिसे देखते हुए माना जा रहा है कि पारा और चढ़ेगा तब झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी। इस स्थिति में लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।

आगे चढ़ेगा पारा

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि अप्रैल के मुकाबले मई का महीना अधिक गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। फिलहाल आने वाले एक-दो दिनों में अभी गर्मी का असर 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। एक नया पश्चिमी विकशाप के सक्रिय होने से पांच मई के आसपास आसमान में हल्के बादल नजर आ सकते हैं। इसके बाद गर्मी का असर फिर तेज होगा। लू चलेगी।

सतर्क रहने की जरूरत

भीषण गर्मी के बीच आने वाले दिनों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। चिकित्सकों का भी कहना है कि तेज गर्मी के बीच लू लगने का खतरा रहेगा। ऐसे में तेज धूप के बीच बाहर निकलने से बचना ही उचित रहेगा। यदि आवश्यक ही हो तो जरूरी सावधानियों को अपनाकर बाहर निकलना ही हितकर रहेगा। वहीं बच्चों को बाहर ले जाने या बाहर जाने देने से रोकना होगा, क्योंकि वे अधिक संवेदनशील होते हैं। ऐसे में उन्हें बाहर खेलने से भी रोकना चाहिए।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!