छत्तीसगढ़

मर्डर का खुलासा: दुकान के सामान और पैसों के विवाद में हत्या, कोटा पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा…

बिलासपुर : दिनांक 29 जुलाई 2026 को रात्रि लगभग 9:10 बजे ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने दुकान के सामान एवं पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में सिदेशी बघेल पिता कार्तिक राम बघेल उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम खुरदूर पर बाँस के डंडे से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची तथा मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, शव पंचनामा एवं प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथनों के आधार पर हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।

विवेचना के दौरान संदेही निखिल यादव पिता बेदराम यादव उम्र 23 वर्ष, निवासी कलारतराई, बजरंग चौक, थाना कोटा एवं अंकुश रजक पिता भागवत रजक उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम खुरदूर, थाना कोटा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं गवाहों के समक्ष दर्ज मेमोरेंडम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित बाँस का डंडा (आला-ए-कत्ल) तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।

संपूर्ण मेमोरेंडम एवं जब्ती की कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए गए। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा चिकित्सीय परीक्षण उपरांत माननीय न्यायालय पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

उक्त सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री शशिकांत भारद्वाज, सउनि शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक संजय श्याम, जलेश्वर साहू, खिलावन नेताम, कौशल बिंझवार एवं विनोद यादव का सराहनीय योगदान रहा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!