रायपुर। थाना गंज में दर्ज अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह रायपुर के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी सतना को गिरफ्तार किया गया है।
एक्सिस बैंक के ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी एवं अनुमति के बिना कुल ₹14,97,451.32 की राशि धोखाधड़ीपूर्वक ट्रांसफर एवं विड्रॉल की गई। जिसकी शिकायत प्राप्त होने पर आंतरिक जांच उपरांत वर्तमान शाखा प्रबंधक ने थाना गंज में मामला दर्ज कराया।
आरोपी ने बताया तरीका वारदात
सबसे पहले आरोपियों ने एक ऐसा खाता सिलेक्ट किया जिसमें ज्यादा सक्रिय गतिविधियां नहीं होती हों। चूंकि ग्राहक सुषमा कुमार बिलासपुर निवासी हैं और सीनियर सिटीजन हैं इसलिए आरोपियों ने यही खाता सिलेक्ट कर धोखाधड़ी की ।
डिप्टी मैनेजर कुलदीप ने खाते की डिटेल्स अपने एक साथी, जो पूर्व में एक्सिस बैंक का कर्मचारी रह चुका है, के साथ शेयर की। उक्त पूर्व कर्मचारी ने सुषमा कुमार के नाम से फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म तैयार कर ई-मेल के माध्यम से एक्सिस बैंक की ऑफिशियल मेल आईडी पर मेल भेजा।
इस ई-मेल को बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन द्वारा प्रोसेस कर ग्राहक का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल दिया गया। मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद आरोपियों ने एक्सिस बैंक का मोबाइल ऐप इंस्टॉल कर खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई तथा योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ दिया।
इसके बाद खाते में मौजूद एफडी को क्लोज कर राशि सेविंग अकाउंट में लाई गई और पूरी राशि योगेश येडे के इंडियन सेल्स नामक खाते में ट्रांसफर की गई। बाद में पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से दो बार में कैश विड्रॉल किया गया।
पुलिस कार्यवाही
प्रकरण में डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में कुलदीप सिंह द्वारा एक अन्य पूर्व एक्सिस बैंक कर्मचारी की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई है। बैंकिंग रिकॉर्ड, ई-मेल, मोबाइल ऐप की गतिविधियों, ट्रांजेक्शन एवं कैश विड्रॉल से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




















