छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : चक्रवाती तूफान मंडौस ने बढ़ाई ठंड, अगले दो दिनों में हो सकती है हल्की बारिश…

चक्रवाती तूफान मंडौस के असर से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव हुआ है और ठंड बढ़ गई है। 10 दिसंबर तक यहां कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। कई जिलों में ठंड बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान मंडौस के असर की वजह से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ रही है। आने वाले 2 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की वर्षा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, न्यूनतम तापमान में कुछ विशेष बदलाव नहीं होगा। फिलहाल ठंडे मौसम की बात करें तो कबीरधाम सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार की सुबह से ही प्रदेश का मौसम शुष्क दिखाई दे रहा था और ठंडी हवा के चलते ठिठुरन बढ़ती दिखाई दी। प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई जगहों पर यह गिरावट 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंची, वहीं न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई। सुबह और देर शाम के साथ रात में भी ठंड का प्रभाव देखा गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति भी देखी गई। पेंड्रारोड, अंबिकापुर समेत कई जगह ठंडी हवा चलती दिखाई दी। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिन में ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। ऐसा चक्रवाती तूफान के चलते बनी नम हवाओं के आने से हो रहा है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आंध्रप्रदेश के तट के पास आज चक्रवाती तूफान मंडौस के पहुंचने की संभावना है। यह लगातार पश्चिम की ओर आगे बढ़ने वाला है और इसके कारण प्रदेश में नमी की मात्रा बढ़ेगी। नमी बढ़ने के चलते 10 दिसंबर से विभिन्न जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मुख्य रूप से उत्तर क्षेत्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ में यह बारिश देखी जा सकती है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!