छत्तीसगढ़

किसानों के द्वार पहुँचा राजस्व अमला: भूमि अभिलेखों में पारदर्शिता लाने के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान

​निःशुल्क वितरण: बी-1 खसरा नकल की प्रमाणित प्रति किसानों को बिना किसी शुल्क के दी जा रही है।

किसानों को उनके भूमि अभिलेखों की जानकारी सरलता से उपलब्ध कराने तथा राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा जिले भर में निःशुल्क बी-1 (खसरा नकल) वितरण एवं वाचन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत किसानों को उनके भूमि अभिलेखों की प्रमाणित प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले की सभी तहसीलों में राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और पटवारी गांव-गांव जाकर बी-1 का वितरण कर रहे हैं। साथ ही ग्राम स्तर पर बी-1 का वाचन (पढ़कर सुनाने) भी किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनके भूमि अभिलेखों की स्पष्ट और सही जानकारी मिल सके। वाचन के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसे नियमानुसार सुधारने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकेगी।
इस पहल से किसानों को नामांतरण, बैंक ऋण, फसल बीमा तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। जिला प्रशासन ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करें और अधिक से अधिक किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।
कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान किसानों को उनके भूमि अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने गांव में आयोजित बी-1 वितरण एवं वाचन कार्यक्रम में शामिल होकर अपने भूमि अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करें और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!