छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्‍तीसगढ़ के मौसम का हाल : सामान्य से अधिक हुआ पारा, बदला मिजाज, अब बारिश-ओले…

रायपुर । छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। एक दिन पहले तक जहां ठंड थी और लोग ठंडी से कंपकंपा रहे थे, वहां अब गर्म तासीर आ गई है। प्रदेश की लगभग सभी जगहों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा, वहीं अधिकतम पारा भी सामान्य से अधिक हो गया है। इसके साथ ही अगले 48 घंटे के भीतर प्रदेश के कई इलाके में बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं।

रायपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है, जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा है। इसकी वजह एक पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यह विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान के ऊपर मध्य और ऊपरी वायुमंडल में स्थित है। इसके प्रभाव से दक्षिण- पश्चिम राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बना हुआ है।

इसके कारण अरब सागर से पर्याप्त मात्रा में क्षोभ मंडल के निम्न स्तर और मध्य स्तर पर नमी आ रही है जबकि बंगाल की खाड़ी से क्षोभ मंडल के निम्न स्तर पर काफी मात्रा में नमी आ रही है। इस ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती घेरे का पूर्व की दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इन सब परिस्थितियों के कारण प्रदेश में रविवार को कुछ स्थान पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटे पड़ सकते हैं। डूमरबहार जशपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है।

यहां आज 9 जनवरी को हो सकती है वर्षा

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक सरगुजा संभाग के सभी जिले बिलासपुर संभाग के सभी जिले, दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तर में स्थित जिलों में वर्षा हो सकती है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

10 जनवरी को भी होगी बारिश

प्रदेश में 10 जनवरी को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटे पड़ सकते हैं। 10 जनवरी को प्रदेश में अरब सागर से आने वाली हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं का सम्मिलन क्षेत्र मध्य भारत रहने के कारण एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं। बस्तर संभाग के उत्तरी क्षेत्र से लेकर सरगुजा संभाग तक बारिश होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान में बादल छाए रहने के कारण सार्थक गिरावट होने की भी संभावना है।

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

स्थान अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

रायपुर 28.5 17.0

माना एयरपोर्ट 29.0 16.8

बिलासपुर 28.4 14.8

पेंड्रारोड 26.9 12.4

अंबिकापुर 25.0 12.4

जगदलपुर 29.1 14.2

दुर्ग 29.2 15.6

राजनांदगांव 28.0 16.6

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!