छत्तीसगढ़

मौसम अपडेट : तूफान की आहट से बदला मौसम का मिजाज, आज छाए रहेंगे बादल और कुछ क्षेत्रों में होगी बारिश

शनिवार शाम तक दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर अवदाब बनकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

मौसम अपडेट : बंगाल की खाड़ी में अगले दो दिनों में पहुंचने वाले चक्रवाती तूफान की आहट से ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके प्रभाव से शनिवार को भी प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी होगी। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अंधड़ भी चल सकता है।

दोपहर की तपिश के बाद शुक्रवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। बादल छाने व तेज हवाएं चलने की वजह से अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ। बिलासपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। रायपुर, दुर्ग व राजनांदगांव को छोड़ दिया जाए तो बाकी क्षेत्रों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शाम को बदला मौसम का मिजाज

राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में शुक्रवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया और बादल छाने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलीं। कुछ क्षेत्रों में तो हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम का मिजाज बदले से रायपुर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण अंडमान सागर और उससे लगे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।

शनिवार शाम तक दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर अवदाब बनकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 10 मई तक आंध्र-ओडिशा के तट पर इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। श्रीलंका ने इस चक्रवाती तूफान का नाम असानी दिया है।

यह रहा तापमान

रायपुर 40.6 28.2

बिलासपुर 39.0 27.8

राजनांदगांव 40.2 28.7

जगदलपुर 36.9 22.5

अंबिकापुर 37.8 25.8

दुर्ग 40.2 25.0

(अधिकतम व न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!