छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : देर रात हुई बारिश, बढ़ने वाली है ठंड, हवा की दिशा बदली, अगले तीन दिनों में पांच डिग्री सेल्‍सियस गिरेगा तापमान..

छत्‍तीसगढ़ के मौसम में फिर से बड़ा बदलाव हुआ है। राजधानी रायपुर में बुधवार और गुरुवार की देर रात बारिश हुई। बता दें कि छत्‍तीसगढ़ में हवा की दिशा बदल गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि एक बार फिर से छत्‍तीसगढ़ में ठंड बढ़ने वाली है। इन दिनों अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नम हवाएं आ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इसके चलते आने वाले तीन दिनों तक छत्‍तीसगढ़ में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। इसके साथ ही नम हवाओं के प्रभाव से ठंड भी बढ़ेगी।

बुधवार को राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की वजह से ठंड थोड़ी कमतर ही रही। हालांकि देर शाम थोड़ी ठंडी हवाएं भी चली। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छत्‍तीसगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान एआरजी बलरामपुर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को छत्‍तीसगढ़ का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही 12 फरवरी तक छत्‍तीसगढ़ के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के उपर ऊपरी हवा चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है। इसके चलते ही गुरुवार 10 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 12 फरवरी तक चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।

बिलासपुर में आज मौसम का हाल- मेघों का डेरा, पवन ने झकझोरा, पावस नहीं सखी यह है बसंत ऋतु

बिलासपुर। मेघों का डेरा, पवन ने झकझोरा, पावस नहीं सखी यह है बसंत ऋतु… यह किसी छायावादी कवि की लिखी कविता की पंक्ति नहीं बल्कि बुधवार को शहर के मौसम का हाल है, जहां माघ महीने में रात को बादल छाए और तेज हवाओं के बीच वर्षा हुई। इससे ऐसा लगा मानों बसंत नहीं बल्कि वर्षा ऋतु (पावस) हो। हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण ऐसी स्थिति बनी है। अब गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।

न्यायधानी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। रात और दिन के तापमान में 16 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन सबके बीच दिन में हल्की गर्मी महसूस की गई। वहीं देर शाम आसमान में घने बादल छा गए। फिर रात में अच्छी बारिश हुई। रुक-रुककर देर रात तक बारिश होती रही। इससे वातावरण खुशनुमा हो गया। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि 10 फरवरी से ठंड एक बार फिर बढ़ने का अनुमान है।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने के कारण 10 फरवरी को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस 12 फरवरी तक गिरावट होने की संभावना है। हालांकि मौसम के बदलाव से स्पष्ट हो चुका है कि अब गर्मी दस्तक देने लगी है।

दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है फरवरी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री से ऊपर चला जाता है। पेंड्रा रोड में अभी अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रमुख शहरों का ऐसा रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर —— अधिकतम —— न्यूनतम

बिलासपुर —— 30 —— 14

रायपुर —— 30.5 —— 15.8

पेंड्रारोड —— 26.4 —— 13.5

अंबिकापुर —— 25.4 —— 11.6

जगदलपुर —— 30.3 —— 12.9

दुर्ग —— 30 —— 14

राजनांदगांव —— 29.3 —— 15.1

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!