छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव, दो दिन बारिश की संभावना, आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी

छत्‍तीसगढ़ प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव होने वाला है। बुधवार देर शाम या रात से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है। गुरुवार 10 फरवरी को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके चलते ही प्रदेश में मौसम में बदलाव हो रहा है।

मंगलवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की वजह से ठंड थोड़ी कम हुई है। हालांकि रात के समय अभी भी ठंड बनी हुई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान एआरजी बलरामपुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस प्रकार मौसम बदलाव होने से फिर से ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी क्षेत्रों में होगी बारिश

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी भाग में स्थित जिलों में एक से दो क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार बने हुए है। इसके साथ ही सरगुजा संभाग और बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आने की संभावना है। बुधवार नौ फरवरी की शाम या रात से 10 फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है।

बिलासपुर में फिर बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश के आसार

बिलासपुर। शहर के मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर आठ फरवरी को एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आने का अनुमान है। इसके कारण प्रदेश के मौसम में नौफरवरी से परिवर्तन होने की संभावना है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गरम हवा आने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में नौ फरवरी के देर शाम व रात्रि से 10 फरवरी तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

नौ फरवरी और 10 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तरी भाग में स्थित जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन सबको देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से चेतावनी भी जारी की गई है। इसके तहत प्रदेश में इस अवधि में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। इन सबके बीच शहर में फिलहाल दिन के तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी भी धीरे-धीरे हो रही है। मौसम में परिवर्तन से इसमें और ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

ऐसे रहा शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर ——- अधिकतम ——- न्यूनतम

बिलासपुर ——- 29.8 ——- 12

रायपुर ——- 30.4 ——- 14.4

पेंड्रारोड ——- 29 ——- 9.3

अंबिकापुर ——- 24.3 ——- 9.2

जगदलपुर ——- 30.3 ——- 11.4

दुर्ग ——- 30.4 ——- 11.6

राजनांदगांव ——- 31 ——- 14

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!