छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : साल के आखिरी दिनों में बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज…

उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। आने वाले तीन दिनों के भीतर लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी रहेगी। इसके असर 26 और 27 दिसंबर के बीच सरगुजा संभाग में बादल छाने और गरज-चमक के बीच बारिश की भी संभावना है। विक्षोभ की सक्रियता का असर न्यूनतम तापमान पर दिखने लगा है। दो दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। गुरूवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के आखिरी दिनों में बारिश होती है तो नए साल का आगाज कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान के अनुसार अफगानिस्तान और पाकिस्तान की ओर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भारत के हिमालय की चोटियों से टकरा कर उत्तर भारत की ओर प्रवाहित हो रहा है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से ले कर उत्तराखंड तक बादलों का जमघट लगने लगा है। ये बादल शुष्क बर्फीली हवाओं के मार्ग में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं जिससे उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में ठंड से कुछ राहत मिली है। आने वाले दो-तीन दिनों में स्थानीय न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि होगी। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। 26 दिसंबर को भी एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता होगी। इसका असर मध्य भारत पर पड़ेगा। इससे वर्ष के अंतिम दिनों में बादल छाने और बारिश की संभावना बढ़ गई है। कहीं-कहीं ओला वृष्टि की भी हो सकती है। इसके बाद मौसम खुलते ही शीत लहर चलने और न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट होने का अनुमान है।

राजनांदगांव

मौसम में एक बार फिर से बदलाव आ गया है। उत्तर-पूर्व से ठंडी हवा का आना बंद हो गया है। शीत लहर थमते ही तापमान भी बढ़ने लगा है। अगले दो दिनों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इतना ही नहीं शनिवार को आसमान में आंशिक बादल भी छाने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में ओैर बढ़ोतरी हो सकती है।

पिछले पांच दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद गुरुवार को मौसम अचानक बदल गया। इसके पहले उत्तर-पूर्व की तरफ से शुष्क हवा आ रही थी। इसके प्रभाव से वातावरण में अनुकूलता थी। कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया था। लेकिन हवा की गति थमते ही ठंड का असर गायब होने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। गुरुवार को इसमें 0.5 डिग्री की मामूली वृद्धि ही हुई, लेकिन यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इसी तरह बीती रात का तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक रात पहले यह 9.2 डिग्री था। यानी न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग के अनुसार तापमानों में वृद्धि अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

तापमान में वृद्धि संभावित

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन बंद हो गया है जिसके कारण न्यूनतम तापमान में भी परिवर्तन अवश्यंभावी है। 24 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शुक्रवार से अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है। विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी भाग में शनिवार से आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। जिसके कारण न्युनतम तापमान में सबसे ज्यादा वृद्धि दक्षिण छत्तीसगढ़ में होने की संभावना है। दिन के अधिकतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।

इस बार अंतिम दिनों में कम रह सकता है ठंड का असर

इस बार मौसम में लगातार प्रतिकूलता देखी जा रही है। बारिश के मौसम में मानसून की अपेक्षित सक्रियता नहीं रही। हालांकि बाद में बारिश की भरपायी भी हो गई। उसके बाद ठंड का आगमन देर से हुआ। शुरुआत में ठंड काफी कम पड़ी। इसका आधा मौसम तो उमस वाली गर्मी के बीच ही निकल गया। अब जाकर ठंडकता बढ़ी ही थी कि वातावरण में फिर से बदलाव देखा जाने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने का अनुमान भी लगाया है। ऐसे में अंतिम दिनों में ठंड का असर अपेक्षा से कम रहने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि जनवरी अंत तक दिन में हल्की गर्मी शुरू हो जाती है।

प्रदेश में मौसम का हाल

शहर अधिकतम अंतर न्यूनतम अंतर

राजनांदगांव 28.5 4 10.8 -2

रायपुर 28.2 1 10.8 -2

बिलासपुर 26.8 0 8.4 -5

दुर्ग 28.8 1 7.2 -7

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!