छत्तीसगढ़

धान के अवैध परिवहन को रोकने हेतु पुलिस अधीक्षक ने किया चेक-पोस्ट का निरीक्षण अधि./कर्मचारियों को दिया गया आवश्यक दिशा निर्देश..

बलौदाबाजार : आज दिनांक 29.11.2021 को पुलिस अधीक्षक आई.के.एलिसेला ने सीमावर्ती जिलों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए बया चौकी क्षेत्र अंतर्गत महासमुंद जिले की सीमा पर बनाए गए अंतर जिला धान परिवहन चेक-पोस्ट का निरीक्षण किया। महासमुंद जिले की ओर से किसी भी प्रकार के धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए ग्राम कुरकुटी में राजस्व अधिकारी एवं पुलिस के जवानों के साथ चेकपोस्ट लगाया गया है। इस दौरान ड्यूटी में लगे अधिकारी/कर्मचारियों को धान के अवैध परिवहन को रोकने हेतु सतत सजग रहकर चेकिंग करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बताया गया कि उड़ीसा राज्य का अवैध धान महासमुंद जिले की ओर से बलौदाबाजार जिले की सीमा में प्रवेश कर सकता है। इस संबंध मे अवैध धान का परिवहन करने वालों के तरीकों, उनके द्वारा तैयार किए जाने वाले फर्जी कागजात आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भी भूमिका अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकती है। इसके अतिरिक्त अवैध धान के परिवहन में लगे किसी भी संदिग्ध वाहन की जानकारी मिलने पर तत्काल समुचित कार्यवाही कर इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिले के कंट्रोल रूम को सूचित करने हेतु हिदायत दिया गया है। इस दौरान श्री पीताम्बर पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं चौकी प्रभारी सउनि धनेश दांडेकर मुख्य रूप से उपस्थित थे।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!