बिलासपुर। न्यायधानी में मौसम कभी भी करवट बदल सकता है। एक दिन पहले बुधवार को तापमान में गिरावट आने के बाद मौसम विभाग ने आज भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। वातावरण में गर्मी का प्रकोप कम होता दिख रहा है। सुबह से आज भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। शाम तक मौसम का मिजाज बदल सकता है।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका मध्य-मध्य प्रदेश से अंदरुनी तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से पश्चिम असम तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 19 मई को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ ही अंधड़ भी चल सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने के आसार हैं। गौरतलब है कि मौसम में परिवर्तन होने से एक ओर जहां दिन में उमस के कारण लोगों को परेशानी हुई।
तो वहीं रात में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ भी चलने की संभावना है। बिलासपुर में मौसम शुष्क बना रह सकता है। तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
27 को आएगा मानसून
मौसम विभाग की मानें तो इस साल मानसून अपने निर्धारित समय से पहले यानी 27 मई को केरल में प्रवेश करेगा। छत्तीसगढ़ में इसके सात या आठ जून तक आने की संभावना है। इसके पहले 25 मई से दो जून तक नौतपा है। वर्तमान में तीन द्रोणिका भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से पल-पल मौसम बदल रहा है। बता दें कि बुधवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था।




















