जमुई (बिहार): बिहार के जमुई जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। स्कूली छात्रा के साथ बदसलूकी और शर्मनाक हरकत करने के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जमुई-लखीसराय सीमा पर स्थित कुंदर बैराज के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है। वहीं, मौके से भागने के दौरान घटना में शामिल एक अन्य आरोपी हरे राम यादव का पैर टूट गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका इलाज जारी है।
कुंदर बैराज के पास हुई मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो और पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने कुंदर बैराज इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई (आत्मरक्षा) में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।
इसी दौरान अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग रहे दूसरे आरोपी हरे राम यादव का पैर फिसलने से टूट गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
क्या था पूरा मामला?
हाल ही में जमुई क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया था, जिसमें स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ कुछ मनचलों द्वारा सरेराह शर्मनाक हरकत और छेड़खानी की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और विपक्ष ने भी सरकार व पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले में केस दर्ज किया और मामले के सभी नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया।
सदर अस्पताल में सुरक्षा कड़ी
दोनों घायल अपराधियों को जमुई सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।




















