बिलासपुर: पिछले कुछ समय से ईंधन की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर भरोसा न करें। उन्होंने पुष्टि की है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह से सामान्य है।
24 घंटे खुले रहेंगे पेट्रोल पंप
आम जनता की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पंपों का संचालन 24 घंटे सुनिश्चित किया जाए। इससे नागरिकों को अपनी जरूरत के अनुसार किसी भी समय ईंधन उपलब्ध हो सकेगा और पंपों पर अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होगी।
प्रशासन की पैनी नजर
ईंधन की उपलब्धता और वितरण प्रणाली पर जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्टॉक की स्थिति की नियमित जांच करें ताकि किसी भी क्षेत्र में कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा न हो।
कलेक्टर की अपील:
“जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। नागरिक घबराहट में आकर (Panic Buying) जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें। केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है, इसलिए अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें।”




















