छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट बिलासपुर : ठंड से हल्की राहत, इस दिन से फिर गिरेगा पारा….

बिलासपुर में मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा का कहना है कि 28 दिसंबर से मौसम का मिजाज हल्का बदलने वाला है।

बिलासपुर। हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम होने के साथ ही उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रवेश कम हो गया है। इसके साथ ही प्रदेश समेत बिलासपुर शहर व संभाग में ठंड अपेक्षाकृत कम हो गई है। हालांकि मौसम विज्ञानी 28 दिसंबर के बाद फिर से ठंड बढ़ने का अनुमान लगा रहे हैं।

इस साल नवंबर की शुरुआत में ही सामान्य से ज्यादा ठंड पड़ने लगी थी, जिसके बाद माना जा रहा था कि दिसंबर-जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और सारे रिकार्ड टूट जाएंगे। कुछ दिनों बाद समुद्री चक्रवात सक्रिय हुआ और प्रदेश में भी तापमान बढ़ने लगा। दिसंबर में फिर से ठंड बढ़ने लगी थी। उसके बाद फिर से हवाओं की दिशा बदली और ठंड एक बार फिर कम हो गई। वर्तमान में भी उसी तरह के हालात हैं। चूंकि यहां उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं से तापमान गिरता है और पूरा प्रदेश ठिठुरने लगता है।

लेकिन, इस समय हवा की दिशा दक्षिण—पश्चिम हो जाने के कारण उत्तर से हिमालय की ठंडी हवाओं का निर्बाध आगमन नहीं हो पा रहा है और ठंड कम हो गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में अब भी ठंड है, लेकिन शहर में इसका एहसास कम ही हो रहा है। इधर, मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा का कहना है कि 28 दिसंबर से मौसम का मिजाज हल्का बदलने वाला है। इससे एक बार फिर ठंड में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। तब न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। ऐसे में माना ये जा रहा है कि नए साल से एक बार फिर ठंड बढ़ जाएगी और जब तक मौसम में कोई बदलाव नहीं आता, तब तक यही हालत रहेगी।

ऐसा रहा पारा : जहां तक तापमान की बात करें तो बिलासपुर में सोमवार को भी तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा ही रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम यानी 16 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य शहरों का भी कमोबेश यही हाल रहा। प्रदेश में नारायणपुर और डूमरबहार में ही सबसे अधिक ठंड रही।

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐚𝐭 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐢𝐯𝐞 ❤
error: Content is protected !!