छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : बिलासपुर से विदा हुआ मानसून, दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई शुरू, अक्टूबर के आखिरी दिनों में ठंड देगी दस्तक..

मौसम अपडेट : दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है और मानसून विदाई रेखा बड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को पेंड्रा रोड से विदा होने के बाद शनिवार को मानसून की विदाई बिलासपुर से भी हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश भर से मानसून विदा हो जाएगा।

शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। हल्की वर्षा के चलते मौसम में भी ठंडकता बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य रहा और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आई। प्रदेश भर में कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अक्टूबर के आखिरी दिनों में ठंड की दस्तक भी शुरू हो जाएगी।

नम हवाओं के प्रभाव से हो रही हल्की वर्षा

प्रदेश में इन दिनों बंगाल से नम हवाएं आ रही है। इसके प्रभाव से ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून की विदाई रेखा लुमडिंग, कैलाशहर,बहरामपुर, कानके, बिलासपुर, ब्रम्हपुरी, बुहाणा और डहानु है। अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश भर से मानसून की विदाई संभावित है।

भारत मौसम विज्ञान केन्द्र की ओर से बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी में तूफान पनप रहा है। यदि इसने चक्रवात का रूप धारण कर लिया तो काफी हद तक संभावना होगी कि इससे पैदा हुए बादल मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ेंगे। यदि ऐसा हुआ तो दीपावली से पहले मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश होगी।
मौसम केंद्र भोपाल के वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल अभी से यह कहना मुश्किल है कि यह किस तरफ जाएगा, इसकी निगरानी कुछ प्रवीण अंक गणितीय मॉडल GFS वा यूरोपियन मॉडल करते हैं, इसके बारे में कुछ और स्पष्ट होने के बाद आगे बताएंगे।

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐚𝐭 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐢𝐯𝐞 ❤
error: Content is protected !!