छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : इस साल देरी से छत्तीसगढ़ आए मानसून ने एक-दो दिन बारिश कराने के बाद छुट्टी पर जाने का मन बना लिया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार के बाद दो दिन तक सिर्फ बादल छाए रहने के आसार हैं।
पिछले तीन से चार दिनों में ही मानसून प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की भी आशंका है। इसके बाद एक से दो दिनों के लिए मानसून की गतिविधियों में ब्रेक लगेगा। फिर 26 जून के बाद से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के भी संकेत हैं। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ ही रहने की संभावना है। आज भी रायपुर में बादल छाए रहने के आसार हैं। गरज-चमक के साथ वज्रपात और बारिश भी हो सकती है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। रविवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जमकर बारिश हुई।
रायपुर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में एक सेमी से लेकर नौ सेमी तक वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में, जबकि न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा अधिकतम तापमान
एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण राजस्थान से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से तटीय महाराष्ट्र तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसकी वजह से प्रदेश में 24 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
बिलासपुर मौसम अपडेट : इंद्रदेव ने बदला स्क्रिप्ट मौसम में आएगा नया सीन
न्यायधानी में शनिवार रात हुई 31.5 मिलीमीटर वर्षा के बाद से मौसम में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। दोपहर को हल्की रिमझिम फुहारें भी चली, जिससे मौसम और भी सुहाना हो गया। लोगों को ठंडक का एहसास हुआ। इस बीच मानों इंद्रदेव ने नया स्क्रिप्ट लिखा हो, जिसके मुताबिक दो दिन बाद मौसम का नया सीन नजर आएगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 26 जून के बाद से क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा की प्रबल संभावना है, जिससे जलस्तर में वृद्धि हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेशभर में मानसून सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दक्षिण पश्चिम मानसून प्रदेशभर में सक्रिय हो गया। इधर एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण राजस्थान से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से तटीय महाराष्ट्र तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से वर्षा की गतिविधियों में आने वाले दिनों में तेजी आएगी।
आज भी हल्की वर्षा का अनुमान
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में 24 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने व वज्रपात होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
26 जून से वर्षा की गतिविधियां तेज
प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में 26 जून से वृद्धि होने की संभावना है 27 और 28 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस अवधि में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग रह सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान/शहर अधिकतम न्यूनतम
- बिलासपुर 31.4 24.9
- पेंड्रारोड 33.6 24
- अंबिकापुर 34.9 25.3
- माना 31.1 26.6
- जगदलपुर 31.6 23.4



















