विश्व/विदेश

भारतीय मूल की कमला हैरिस बनेंगी अमेरिका की उपराष्ट्रपति,  रचा इतिहास, बनी पहली महिला..

डेमोक्रेटिक उम्‍मीदवार जो बाइडन अमेरिका के अगले राष्ट्रपति होंगे. वहीं, उपराष्ट्रपति पद के लिए भारतीय मूल की कमला हैरिस ने इतिहास रच दिया है. अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनने जा रहीं कमला हैरिस ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, हमारे पास बेहतर भविष्य बनाने की शक्ति है, भरोसा जताने के लिए अमेरिकियों का धन्यवाद. उन्होंने कहा, भले ही मैं अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनूंगी, लेकिन मैं ये कह सकती हूं कि आखिरी नहीं.

अपने पहले संबोधन में कमला हैरिस ने कहा, आपने अमेरिका के लिए एक नए दिन की शुरुआत की है. इस चुनाव में जब हमारा लोकतंत्र बैलेट बॉक्स में बंद था और अमेरिका की आत्मा दांव पर थी और दुनिया की नजरें हमारे ऊपर थीं, तब आपने अमेरिका में एक नए दिन की शुरुआत की.

कमला हैरिस ने कहा, ‘मैं जानती हूं कि आपके लिए पिछला समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. पिछले कुछ महीने आपके लिए काफी दुख और दर्द भरे रहे, लेकिन आपने इस समय को काफी साहस और दृढ़ता के साथ काटा है.’ उन्होंने कहा कि आने वाले चार सालों के लिए आपने न्याय, समानता और जिंदगी में बड़े बदलाव के लिए वोट किया है. हैरिस ने कहा कि वोट के जरिए आपने आशा, एकता, शालीनता, विज्ञान और सच्चाई को चुना है. आपने संयुक्त राज्य अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के लिए जो बाइडन को चुना है.

हैरिस ने अपनी मां श्यामला गोपालन के बारे में कहा कि जब वह पहली बार अमेरिका आई थीं, तो उन्होंने इस पल के बारे में नहीं सोचा होगा. हैरिस ने कहा, ‘मैं उन्हें याद कर रही हूं.’

बता दें कि हैरिस पहली अफ्रीकी अमेरिकी महिला, पहली दक्षिण एशियाई अमेरिकी और पहली भारतीय मूल की महिला हैं, जो इस मकाम तक पहुंची हैं. जैसा कि चुनाव से पहले ही विशेषज्ञों और एक्टिविस्टों ने अनुमान लगाया था, ठीक उसी तरह हैरिस को चुनाव में अश्वेत अल्पसंख्यकों के वोट अच्छी तादाद में मिले. कमला हैरिस ने कैलिफोर्निया की अमेरिकी सीनेटर ने सैन फ्रांसिस्को की पहली महिला जिला अटॉर्नी के रूप में काम किया और कैलिफोर्निया की पहली महिला थीं, जिन्हें अटॉर्नी जनरल चुना गया था ।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!