छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी! मस्तूरी और तखतपुर में 9-9 सेमी वर्षा दर्ज की गई, जानें अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान…

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून द्रोणिका की सक्रियता के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-बांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गरियाबंद, पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा), बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

येलो अलर्ट वाले जिले

नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, कबीरधाम, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

बंगाल की खाड़ी का असर

बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला है और मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है. इसी कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा दर्ज की जा रही है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 4 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आएगी.

पिछले 24 घंटों का हाल

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर और बस्तर संभागों में भारी से मध्यम वर्षा हुई. प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 31.6°C दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 20.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया.

प्रमुख वर्षा के आंकड़े (सेमी में)

कुसमी, मस्तूरी और तखतपुर में 9-9 सेमी, पचपेड़ी और पेंड्रा रोड में 7-7 सेमी, बड़े बचेली और गरियाबंद में 7-7 सेमी, बिलासपुर के बोदरी, सीपत और कटघोरा में 6-7 सेमी बारिश हुई. इसके अलावा रायपुर, बिल्हा, अकलतरा, बलरामपुर, कोरबा और अन्य स्थानों पर 5 सेमी से कम वर्षा दर्ज की गई.

अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी. वहीं, एक-दो जगहों पर भारी बारिश और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है.

रायपुर का स्थानीय पूर्वानुमान

रायपुर में 4 सितंबर को आसमान मेघमय रहेगा. एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 23°C रहने की उम्मीद है.

𝐁𝐇𝐈𝐒𝐌 𝐏𝐀𝐓𝐄𝐋

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐇𝐈𝐍𝐃𝐁𝐇𝐀𝐑𝐀𝐓 𝐋𝐈𝐕𝐄 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!