रायगढ़। जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों के बाद कोतवाली पुलिस ने शहर के पॉश इलाके शिवा नगर में दबिश देकर चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सीएसपी के नेतृत्व में ‘सटीक’ रेड
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से केवड़ाबाड़ी स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के सामने एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। सूचना की तस्दीक होने पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त मकान पर रेड मारी। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बाहर से बुलाकर परोसी जा रही थीं महिलाएं
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी राहुल यादव अपनी एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर इस अनैतिक कारोबार का संचालन कर रहा था। ये आरोपी बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा संचालित करते थे। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में:
- नकद राशि
- मोबाइल फोन
- अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
पीटा एक्ट (PITA) के तहत सख्त कार्यवाही
पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल यादव और उसकी महिला सहयोगी को हिरासत में ले लिया है। थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
एसएसपी का कड़ा संदेश
मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा है कि— “जिले में किसी भी प्रकार का अनैतिक या अवैध कार्य पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”




















