छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम विभाग ने जारी किया आरेंज और यलो अलर्ट अंधड़ के साथ बारिश की संभावना….

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : राजधानी रायपुर में दो दिन से छाए बादल लोगों को धूप से राहत दिला रहे थे, लेकिन सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और शाम को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। अंधड़ के साथ बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। मौसम में ठंडक आ गई और रात के साथ दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 19 मार्च के लिए आरेंज और 20 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर में आज भी दोपहर बाद अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ क्षेत्र में दर्ज़ की गई औसत वर्षा (दिनांक 19.03.2024 ,0830 IST तक)

आज भी अंधड़ के साथ बारिश की संभावना

मौसम विज्ञानियों के अनुसार दो दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी सहित छत्‍तीसगढ़ में अचानक मौसम बदलने की कई वजह है। छत्तीसगढ़ में दक्षिण दिशा से काफी ज्यादा मात्रा में नमी पहुंच रही है। एक चक्रवाती सिस्टम पश्चिमी विदर्भ और आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। और समुद्र सतह से 1.5 किमी ऊपर सक्रिय है। एक द्रोणिका झारखंड से लेकर ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश तक फैली हुई है। दूसरी द्रोणिका दक्षिण तमिलनाडु से लेकर पश्चिमी विदर्भ और आसपास के इलाके से होते हुए कर्नाटक तक है। इन वजहों से अगले 24 घंटों, मंगलवार तक राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

इससे पहले द्रोणिका के प्रभाव से सोमवार को रायपुर का मौसम बदल गया। रात को तेज हवाएं चलने और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और दुर्ग जिले के धमधा अंतर्गत ग्राम पारबोड़, खपरी व जाताघर्रा में ओले गिरे। यहां शाम करीब छह बजे से लगभग 40 मिनट तक ओले गिरे। इसके अलावा बेमेतरा, कवर्धा में भी वर्षा हुई। दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।

बिलासपुर मौसम अपडेट : शहर समेत संभाग का मौसम इन दिनों होलियाना मूड में आ गया है। पिछले तीन दिनों से दिन में नमीयुक्त वातावरण के बीच सूरज निकलने से उमसभरी गर्मी पड़ रही है। वहीं शाम होते ही बादल छाने के साथ तेज अंधड़ के बीच वर्षा हो रही है। सोमवार को भी यही स्थिति रही। एक दिन पहले रविवार की रात हुई वर्षा के कारण दिन में उमसभरी गर्मी पड़ी। हालांकि दिनभर बादल नजर नहीं आए। फिर शाम होते ही एक बार फिर मौसम बदला और तेज अंधड़ के साथ वर्षा शुरू हो गई।

छत्तीसगढ़ क्षेत्र में दिनांक 19.03.2024 को दर्ज़ किया गया न्यूनतम तापमान

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका पश्चिमी विदर्भ से उत्तर केरल तक मराठवाड़ा और अंदरूनी कर्नाटक होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश में आज भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। प्रदेश में अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना मुख्यतः बिलासपुर संभाग और उससे लगे सरगुजा संभाग के जिले संभावित है। इधर रविवार की रात हुई वर्षा के बाद वातावरण में नमी बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्र पेंड्रारोड में भी अच्छी वर्षा हुई है। जिस वजह से ठंडी हवाओं का आगमन लगातार जारी है।

आज भी वर्षा की संभावना

मौसम विज्ञानी सिराज खान की मानें तो मंगलवार को वर्षा की संभावना बनी रहेगी। यह सिलसिला 20 मार्च तक बनी रह सकती है। 21 मार्च को आसमान में बादल रहेंगे, लेकिन वर्षा की संभावना कम है। मौसम में थोड़ा उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिन के तापमान में भले ही गिरावट दर्ज होगी, लेकिन उमस परेशान कर सकती है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!