छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने 3 दिनों तक सरगुजा संभाग, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के 11 जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर रहा। यहां दिन का पारा 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हालात लू जैसे रहे।
रायपुर में 45 डिग्री के करीब रहेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार इस समय रायपुर जिला सबसे गर्म है। आज भी रायपुर में तेज गर्मी रहेगी। दिन का तापमान 45 डिग्री और रात का तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा। मंगलवार को रायपुर में करीब 45 डिग्री (44.4 डिग्री) तापमान दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है।
वहीं रात का तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1 डिग्री ज्यादा है। इसके साथ ही हालात ऐसे हैं कि बाहरी इलाकों में भी राहत नहीं है। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट इलाके में भी अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री और रात का तापमान 28.6 डिग्री तक पहुंच गया। रात 9 बजे के बाद भी लोग गर्म हवाओं से परेशान रहे।
बिलासपुर में 43 डिग्री से अधिक तापमान
मंगलवार को बिलासपुर में दिन का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा है। रात का तापमान 26 डिग्री रहा जो औसत से 0.8 डिग्री ज्यादा है। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दिन का तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा रहा।
वहीं रात का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।
सरगुजा संभाग में हीट वेव
मौसम विभाग के अनुसार आज सरगुजा संभाग के 2 जिलों में लू चलने की संभावना है। मंगलवार को अंबिकापुर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा।
दुर्ग में 43 डिग्री के पार तापमान
दुर्ग संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा। मंगलवार को दुर्ग जिले में दिन का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा।
बस्तर संभाग में तेज हवा के साथ हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज बस्तर संभाग के सभी जिलों यानी कांकेर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मंगलवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया।
शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान / शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
- रायपुर 44.4 डिग्री 29.3 डिग्री
- बिलासपुर 43.5 डिग्री 26 डिग्री
- अंबिकापुर 41.2 डिग्री 21 डिग्री
- जगदलपुर 39.4 डिग्री 25.8 डिग्री
- दुर्ग 43.5 डिग्री 25 डिग्री
- जीपीएम 42.7 डिग्री 26.6 डिग्री