छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ के 7 जिले बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, मुंगेली के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 19 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। 2 दिन बाद पारा 2 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोन सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। कोंडागांव में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई घरों के छप्पर उड़ गए हैं। सड़कों पर पानी भर गया।
कहां-कहां हल्की बारिश के आसार ?
14 अप्रैल सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़ – बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर, कबीरधाम, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
15 अप्रैल सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़ बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, कोरबा जांजगीर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर जिले के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
16 अप्रैल गरियाबंद, धमतरी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में कुछ स्थानों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में 39 डिग्री से ज्यादा तापमान
आज रायपुर में धूप-छांव वाला मौसम होगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को दिन का तापमान 39.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा था।
बिलासपुर में दिन का पारा सामान्य से कम
यहां रविवार को दिन का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। जिसकी वजह से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं रात का पारा 24.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अगले 2 दिन अधिकतम तापमान में गिरावट होगी।
सरगुजा संभाग में भी बारिश से लुढ़का पारा
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण रविवार को सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों में बूंदाबांदी हुई। रविवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा। जो नॉर्मल टेम्प्रेचर से 3 डिग्री कम रहा। वहीं रात का पारा 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो समान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा।
बिलासपुर मौसम अपडेट : बिलासपुर में बढ़ रही गर्मी पर लगा ब्रेक:आसमान में छाए बादल, शाम को चली हवाएं; आज भी हल्की बारिश की संभावना
बिलासपुर में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। लगातार बढ़ रही गर्मी की रफ्तार पर रविवार को हल्का ब्रेक लगा। अधिकतम तापमान 40 से गिरकर 38 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग की मानें तो यह सप्ताह गर्मी से थोड़ी राहत देगा।
द्रोणिका के असर से रविवार दोपहर में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। जिसके बाद शाम को अंधड़ के साथ ठंडी हवाएं चली। इससे गर्मी से राहत मिली।
वहीं, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में निम्न दाब के असर से आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है।
रात में गर्मी और उमस
एक दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं रविवार को पारा 38 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था।
हालांकि, रात में गर्मी और उमस रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री से चढ़कर 24.7 डिग्री पर पहुंच गया। रात में तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था।
आसमान में छाए रह सकते हैं बादल
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने से यह स्थिति बनी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 15 अप्रैल के बाद आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, जिस वजह से हल्की बारिश की संभावना भी बन रही है।
सप्ताहभर शाम को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो यह सप्ताह गर्मी से थोड़ी राहत देगा, क्योंकि मौसम की स्थिति अमूमन प्रतिदिन शाम को ऐसे ही बने रह सकता है। इसके कारण गर्मी का असर कम महसूस होगा।
चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण 16 अप्रैल से वर्षा की संभावना भी बन रही है। यदि ऐसा हुआ तो दिन के तापमान में गिरावट तो आएगी, लेकिन द्रोणिका का असर समाप्त होते ही गर्मी और उमस परेशान करेगी।